वार्ड 40 में नालियां जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी, बदबू और मच्छरों से लोग परेशान

लंबे समय से सफाई नहीं होने से बिगड़े हालात, कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। शहर के वार्ड नंबर 40 में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से वार्डवासी परेशान हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल रहा है। जगह-जगह कचरे के ढेर और नालियों में जमा गंदगी से पूरे क्षेत्र में बदबू का माहौल है। वहीं मच्छरों की बढ़ती तादाद से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।

वार्डवासी विजय कुमार और राकेश ने बताया कि वार्ड के मुख्य रोड पर बनी नाली कचरे से अटी पड़ी है। आसपास लगे कचरे के ढेरों से गंदगी नालियों में पहुंच रही है, लेकिन सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नालियों की सफाई करने नहीं आते। इसके चलते गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क किनारे जमा हो रहा है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन बार-बार प्रशासनिक अधिकारियों और वार्ड पार्षद को अवगत करवाने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि नालियों में गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों की भरमार हो गई है और उठती दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। सड़क पर पानी भरा रहने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी उठानी पड़ती है। आसपास रहने वाले लोगों को भी रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सफाई व्यवस्था सुचारू रखने के वादे किए जाते हैं, लेकिन पार्षद बनने के बाद समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। हालात ऐसे हैं कि लोगों को खुद ही नालियों की सफाई करनी पड़ती है। सफाई कर्मचारी भी वार्ड में केवल खानापूर्ति करने आते हैं। वार्डवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि वार्ड की नालियों की तत्काल सफाई करवाकर जलभराव की समस्या दूर की जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गंदगी, बदबू और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts