Scholarship News: छात्रवृत्ति का लाभ लेना है तो 30 नवंबर तक करें आवेदन

मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति सहित पांच योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी, अंतिम तिथि के बाद नहीं मिलेगा मौका

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। राज्य सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आवेदन करने का अवसर अब सीमित रह गया है। आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना सहित पांच प्रमुख योजनाओं के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन योजनाओं के लिए ऑनलाइन पोर्टल 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक खोला गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।

राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम पाल अहरोदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना, विधवा/परित्यक्ता मुख्यमंत्री (बीएड) संबल योजना, देवनारायण छात्रा स्कूटी एवं प्रोत्साहन राशि योजना, बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना तथा कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के लिए पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा में आवेदन करें। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि राज्य सरकार की इन योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थी स्वयं ऑनलाइन अथवा ई-मित्र केंद्र के माध्यम से अपनी एसएसओ आईडी पर स्कॉलरशिप ऐप का चयन कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले संबंधित योजना के दिशा-निर्देशों, परिपत्रों, नियमों एवं आवश्यक दस्तावेजों का भलीभांति अध्ययन करना जरूरी है। आवेदन के लिए विद्यार्थी के पास जन आधार कार्ड होना अनिवार्य है। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक संबंधी विवरण एवं मोबाइल नंबर अपडेट होना चाहिए। प्राचार्य ने पात्र विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts