Dairy Farming: राजस्थान में श्वेत क्रांति की नई उड़ान
वर्ष 2026-27 में 7.06 लाख डोज खरीदने की तैयारी
Animal Husbandry Scheme: जयपुर (गुरजंट सिंह धालीवाल)। प्रदेश के पशुपालकों की आय दोगुनी करने और राजस्थान को दुग्ध उत्पादन में देश का सिरमौर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की 'सैक्स सोर्टेड सीमन' योजना गेमचेंजर साबित हो रही है। वर्ष 2024-25 में शुरू हुई इस योजना की शानदार सफलता के बाद पशुपालन विभाग ने अब इसका दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7 लाख 6 हजार डोज खरीदने की तैयारी पूरी कर ली है, जिसके लिए राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड (RLDB) को 16.88 करोड़ रुपए (1688.39 लाख) का बजट आवंटित किया गया है।
सर्वे के नतीजे चौंकाने वाले, झुंझुनूं प्रदेश में अव्वल
योजना के शुरुआती चरण (2024-25) में 2 लाख पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान (AI) किया गया था। प्रदेश के 34 जिलों से आई प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट विभाग के लिए बेहद उत्साहजनक है। 11,514 पशुओं की ब्यांत के आंकड़ों के अनुसार गाय में 72 फीसदी बछड़ियां और 28 फीसदी बछड़े पैदा हुए, जबकि भैंस में 73 फीसदी पाड़ियां (मादा) पैदा होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक मादा जन्म दर में टॉप-5 जिलों में झुंझुनूं- 83% के साथ प्रथम रहा है, जबकि बीकानेर- 81% (द्वितीय), धौलपुर: 80% (तृतीय), दौसा और झालावाड़- 79-79% (चौथा) तथा बाड़मेर और जयपुर 78-78% के साथ पांचवें स्थान पर रहे हैं। इस तकनीक से पशुपालकों को अनुपयोगी नर पशुओं की समस्या से बड़ी राहत मिली है और घरों में दुधारू पशुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
75% अनुदान, अब तक 6.64 लाख पशु लाभान्वित
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के तहत पशुपालकों को उच्च गुणवत्ता वाले सीमन पर 75 फीसदी का भारी अनुदान दिया जा रहा है। बाजार में 280 रुपए में मिलने वाली प्रति डोज पशुपालकों को मात्र 70 रुपए में उपलब्ध करवाई जा रही है। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के निर्देशों के बाद 15 अक्टूबर 2026 तक कुल 6 लाख 64 हजार पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया जा चुका है। विभाग ने 10 नवंबर 2026 तक वितरित की गई 6 लाख 8 हजार 949 डोज की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है। गौरतलब है कि गत वर्ष (2025-26) में 16.73 करोड़ रुपए के सीमन खरीदे गए थे। इस योजना के जरिए पशुपालकों को होल्स्टीन-फ्रीज़ियन (HF) और जर्सी (प्योर व क्रॉस) के साथ-साथ राजस्थान व देश की प्रमुख देशी नस्लों- साहीवाल, थारपारकर के उन्नत सीमन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
अब बकरियों में भी शुरू होगा कृत्रिम गर्भाधान
गाय और भैंस में मिली सफलता के बाद अब पशुपालन विभाग ने बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत 15 जिलों में 5,000 डोज वितरित की हैं। मथुरा के पं पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान से खरीदी गई ये डोज बकरी की प्रसिद्ध सिरोही और जखराना नस्ल में उपयोग की जाएंगी। पशुपालकों को यह महज 50 रुपए प्रति डोज की दर से दी जा रही है।
बकरी सीमन का जिलेवार आवंटन
गाय व भैंस में अपार सफलता के बाद पशुपालन विभाग ने राज्य के अब 15 जिलों में बकरियों का भी कृत्रिम गर्भाधान कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान से 5000 डोज खरीदे हैं। इन डोज का विभाग ने जिलेवार वितरण किया है, जिसके तहत नागौर जिले में सर्वाधिक 900 डोज, जयपुर: 700, जोधपुर: 570, करौली: 410 , अजमेर, सीकर व चित्तौड़गढ़: 350-350, भीलवाड़ा: 300 , भरतपुर: 245, झालावाड़ व उदयपुर: 200-200, जालोर: 125, डूंगरपुर, चूरू व सिरोही जिले को 100-100 डोज का आवंटन किया गया है।
मंत्री का बयान:
"मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी सरकार पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रारभिक सर्वे में 71 से 73 फीसदी तक मादा पशुओं का जन्म योजना की बड़ी सफलता है। जब आंकड़े पूरे आएंगे निश्चित ही तब तक मादा पशुओं की जन्म दर 80 प्रतिशत से पार हो जाएगी। हमारा उद्देश्य उन्नत नस्ल सुधार के जरिए राजस्थान को दुग्ध उत्पादन में देश का नंबर-1 राज्य बनाना है।"
श्री जोराराम कुमावत, कैबिनेट मंत्री,पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग
Comments