Navodaya Class 6 Entrance Exam: चयन परीक्षा में भिवानी-चरखी दादरी के 2178 विद्यार्थी होंगे शामिल

चयन परीक्षा में भिवानी-चरखी दादरी के 2178 विद्यार्थी होंगे शामिल

Published On

भिवानी, सच कहूँ/इंद्रवेश। Navodaya Class 6 Entrance Exam: जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के तहत कक्षा छठी में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में भिवानी के पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भिवानी के जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया और जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला के प्राचार्य विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी 28 नवंबर को आयोजित होने वाली इस प्रवेश परीक्षा में भिवानी और चरखी दादरी दोनों जिलों से कुल 2178 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और नकलरहित संचालन के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है।

11 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने बताया कि यह परीक्षा खंड स्तर पर बनाए गए कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। इनमें से आठ केंद्र भिवानी जिले में तथा तीन केंद्र चरखी दादरी जिले में स्थापित किए गए हैं। भिवानी खंड हरियाणा का सबसे बड़ा खंड होने और आवेदकों की अधिक संख्या के कारण यहां दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि बहल, बवानीखेड़ा, कैरू, लोहारू, सिवानी और तोशाम खंड मुख्यालयों पर एक-एक केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर विशेष उड?दस्तों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रश्न पत्रों को बैंक से पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और पर्यवेक्षकों के लिए सख्त नियमावली लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला के प्राचार्य विनोद कुमार ने परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि चयन परीक्षा का समय सुबह साढ़े ग्यारह बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले सुबह दस बजे अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन 2178 अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 80 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कक्षा छठी के लिए किया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की परिकल्पना पर आधारित यह आवासीय विद्यालय प्रणाली ग्रामीण और मेधावी बच्चों को गुरुकुल की भांति उत्कृष्ट वातावरण प्रदान करती है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts