Weather News: राजस्थान में सर्दी का तीखा वार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
4 डिग्री तक गिरेगा पारा, 27 से 30 नवंबर तक शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग में शीतलहर का अलर्ट,
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। राजस्थान में सर्दी का असर लगातार तेज हो रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में सीकर जिले के फतेहपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 27 से 30 नवंबर के दौरान शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इस दौरान शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तथा अजमेर और कोटा संभाग में 8 से 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में शेखावाटी क्षेत्र के साथ अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री नीचे दर्ज किया जा रहा है, जबकि प्रदेश के शेष अधिकांश भागों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। विभाग ने बताया कि आगामी 10 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने की प्रबल संभावना है। शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
Comments