Jaipur History: जयपुर की ज्यौनार! जब पंगत में परोसी जाती थी अपनत्व की मिठास

राजशाही दौर की अनूठी खानपान परंपरा

Published On

गतांक से आगे, भाग- 4

जयपुर की पहचान उसके भव्य महलों, हवेलियों, मंदिरों, चौपड़ों और गुलाबी इमारतों से जितनी है, उतनी ही यहां की विशिष्ट सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं से भी रही है। इन्हीं परंपराओं में एक अनूठा नाम है-'जयपुर की ज्यौनार'। जीमने-जिमाने की यह परंपरा कभी गुलाबी नगरी के सामाजिक जीवन का अभिन्न अंग हुआ करती थी। ज्यौनार का निमंत्रण मिलते ही घरों में उत्साह छा जाता था। किसकी ज्यौनार है, कब होगी और उसमें क्या-क्या परोसा जाएगा, इसकी चर्चा पहले से होने लगती थी। परिवार सहित पंगत में बैठकर जीमना सामाजिक मेलजोल और सामूहिक उल्लास का विशेष अवसर माना जाता था।

आज बदलती जीवनशैली के बीच यह परंपरा लगभग विलुप्त हो चुकी है, लेकिन इसकी स्मृतियां जयपुर की सांस्कृतिक चेतना में आज भी जीवित हैं। कुछ समय पहले जब पारंपरिक ज्यौनार को फिर से सजाने की पहल हुई और बड़ी संख्या में लोगों ने पंगत में बैठकर भोजन किया, तो पुराने जयपुर की आत्मीय तस्वीर जैसे एक बार फिर साकार हो उठी।

सरे बाजार सजती थीं पंगतें

जयपुर की ज्यौनार का स्वरूप बेहद भव्य और व्यवस्थित होता था। पुराने समय में एक-दो हजार लोगों के सामूहिक भोज सरे बाजार आयोजित किए जाते थे। खुले स्थानों और बाजारों में कनातें लगाकर लंबी-लंबी पंगतें सजाई जाती थीं। उस दौर की सादगी और सस्ते खानपान को बयां करने वाली एक कहावत भी प्रचलित थी कि दो पैसे में चूरमा, दाल और बाटी तैयार हो जाती थी। हजारों लोगों को एक साथ भोजन कराने के लिए थाली-कटोरियों के बजाय पत्तल और दोने इस्तेमाल किए जाते थे। सैकड़ों परसगारे देखते ही देखते पूरी पंगत में पत्तल-दोने सजा देते थे। इसके बाद शुरू होती थी व्यंजनों की परसगारी, जो अपने आप में देखने लायक दृश्य हुआ करती थी।

देशी घी के लड्डुओं से महक उठता था ज्यौनार स्थल

ज्यौनार का सबसे आकर्षक दृश्य लड्डुओं की परसगारी का होता था। परसगारे पारंपरिक वेशभूषा में सजे होते थे। दो लांग की धोती, कमर में कसा कमरबंध, कमरी अंगरखी, सिर पर पगड़ी, कानों में मुरकी, गले में बलेवड़ा और हाथों में सोने के कड़े उनकी विशिष्ट पहचान थे। खजूर की कठोर शाखाओं से बनी टोकरियों में पलाश की पत्तलों पर रखे देशी घी और देशी खांड के सुगंधित लड्डू लेकर वे पंगत की ओर बढ़ते थे। भंडार यानी कोठ्यार से एक साथ निकलते सैकड़ों परसगारों की फुर्ती देखते ही बनती थी। देखते-देखते हजारों पत्तलों में लड्डू सज जाते और देशी घी की सौंधी खुशबू पूरे आयोजन स्थल को महका देती थी।

'ओजी लाडू हाला...' की मनुहार से गूंजती थी पंगत

लड्डुओं के बाद अन्य व्यंजनों की बारी आती थी। घोल की नुकती अथवा खेलरे काथैण्डी की खटाईदार दाना मेथी और दाख-छिवारों की लौंजी से दोने सजाए जाते। इसके बाद परोसी जाती थीं मसालेदार दाल से भरी कुरकुरी कचौड़ियां। व्यंजनों की संख्या भले ही सीमित रहती थी, लेकिन उनके स्वाद और परोसने के अंदाज में कोई कमी नहीं होती थी। हजारों लोगों तक भोजन सहजता से पहुंच सके, इसलिए लड्डू, कचौड़ी और सलौनी को ज्यौनार के प्रमुख व्यंजनों में स्थान मिला था। पूरियां सामान्यतः इस सामूहिक भोज का हिस्सा नहीं होती थीं।

इस बीच महिलाओं की मीठी मनुहारें ज्यौनार के वातावरण में अलग ही रंग भर देती थीं। कहीं से आवाज आती—'ओजी लाडू हाला...' तो कहीं कोई पुकारती—'म्हारा बीरा लाडू तो घाल जाओ।' कोई 'अजी घोल हाला' कहती तो कोई 'अजी कचौड़ी हाला'। ढूंढाड़ी बोली की ये आत्मीय पुकारें ज्यौनार की सबसे खूबसूरत स्मृतियों में शामिल हैं। हजारों लोगों के भोजन की यह व्यवस्था तत्कालीन सामूहिक प्रबंधन, अनुशासन और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण थी।

महाराजाओं के हेड़ों से जुड़ी थी ज्यौनार की परंपरा

जयपुर की इन विशाल ज्यौनारों को ढूंढाड़ी बोली में 'हेड़े' भी कहा जाता था। महाराजाओं की ओर से भी ऐसे आयोजन विशेष रूप से करवाए जाते थे। तत्कालीन महाराजा सवाई माधोसिंह द्वितीय धर्मपरायण और आस्तिक शासक थे। श्रीगोविंददेवजी मंदिर में निरंतर होने वाले श्रीमद्भागवत पारायण की पूर्णाहुति पर उनकी ओर से जातिवार हेड़ों का आयोजन किया जाता था।

इन आयोजनों में सूचना देने की भी विशिष्ट परंपरा थी। रात के सन्नाटे में डिम-डिम घोष के साथ नगर में मुनादी की जाती, ताकि ज्यौनार का संदेश हर घर तक पहुंचे। प्रारंभ में आयोजन स्थल पर सभी के प्रवेश की छूट थी, लेकिन बाद में व्यवस्था बनाए रखने और जातिगत आधार पर होने वाले दुरुपयोग को रोकने के लिए टिकट प्रथा शुरू की गई। जिस समाज का हेड़ा होता, टिकट भी उसी समाज तक सीमित रखे जाते थे।

समय के साथ सिमट गई पंगतों की परंपरा

समय बदला तो ज्यौनार का स्वरूप भी बदलता चला गया। विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर होने वाले विशाल सामूहिक भोज धीरे-धीरे सीमित होने लगे। खानपान की व्यवस्थाओं में आधुनिकता आई और पंगतों की जगह कुर्सी-टेबल तथा बुफे ने ले ली। देखते ही देखते हजारों लोगों को एक साथ पत्तलों पर बैठाकर जीमाने की परंपरा लगभग इतिहास बन गई। 

जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर ज्यौनार की इस परंपरा को याद करना अतीत के स्वाद और वैभव को महसूस करने जैसा है। यह परंपरा बताती है कि किसी शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों और स्थापत्य में नहीं, बल्कि वहां के लोगों के आपसी रिश्तों, व्यवहार और सामाजिक संस्कारों में भी बसती है। यही वह स्वाद है, जिसे वक्त भी जयपुर की स्मृतियों से मिटा नहीं पाया।

डॉ. गोरधनलाल शर्मा, अतिरिक्त  निदेशक (प्रशासन) एवं पदेन शासन उप सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts