10 Death in Balochistan: यात्री बस और LPG टैंकर की भीषण टक्कर, 10 की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हुआ सड़क हादसा
Balochistan Bus-LPG Tanker Accident: क्वेटा, 20 नवंबर (सच कहूँ/एजेंसी)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मकरान कोस्टल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तुर्बत से कराची जा रही यात्रियों से भरी बस LPG टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा गुरुवार को पसनी और ओरमारा के बीच बासोल इलाके के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आग ने बस और टैंकर दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में दोनों वाहन बुरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और ओरमारा नगर समिति के दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
खराब राजमार्ग व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद बलूचिस्तान में सड़क सुरक्षा और राजमार्गों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मानवाधिकार संगठन बलूच यकजेहती कमिटी (BYC) की सदस्य सम्मी दीन बलूच ने घटना पर दुख जताते हुए पाकिस्तान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि बलूचिस्तान के प्रमुख राजमार्गों पर लगातार हो रहे हादसे खराब यातायात प्रबंधन, नियमों के कमजोर पालन और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की कमी को उजागर करते हैं। उनके मुताबिक, कई प्रमुख मार्ग लंबे समय से सिंगल लेन हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
सम्मी दीन बलूच ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों से दूसरे इलाकों को लाभ मिला है, लेकिन बलूचिस्तान में सड़क सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने राजमार्गों को बेहतर बनाने और यात्रियों के लिए सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
बलोच नेशनल मूवमेंट ने भी जताई चिंता
बलोच नेशनल मूवमेंट (BNM) के अध्यक्ष नसीम बलोच ने भी इस हादसे पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान में सड़कों पर यात्रा करना लोगों के लिए गंभीर जोखिम बनता जा रहा है। नसीम बलोच ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में सड़क हादसों को क्षेत्र की व्यापक सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के संदर्भ में उठाया।
उन्होंने बलूचिस्तान के लोगों के लिए सम्मान, न्याय, सुरक्षा और सुरक्षित जीवन की जरूरत पर जोर दिया। इस दुर्घटना ने एक बार फिर मकरान कोस्टल हाईवे सहित बलूचिस्तान के अन्य प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर बहस छेड़ दी है। हादसे का आधिकारिक कारण और दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
Comments