SKD University News: साइबर सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय मंथन, एसकेडीयू में जुटेंगे चार देशों के विशेषज्ञ
इथियोपिया के साइबर विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
Cyber Crime Awareness: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और डिजिटल सुरक्षा की चुनौतियों पर मंथन के लिए श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में 27 एवं 28 नवम्बर को द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय सम्मेलन में भारत सहित ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और इथियोपिया के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, साइबर डिफेंस और बौद्धिक संपदा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया के सेंट्रल क्वींसलैंड विश्वविद्यालय के डॉ. प्रभु ज्योत सिंह, अमेरिका की इंट्यूट इंक. के इंजीनियरिंग लीडर द्विजेन कीर्तानिया तथा इथियोपिया की सूचना नेटवर्क सुरक्षा एजेंसी (आईएनएसए), अदीस अबाबा के साइबर सुरक्षा ऑडिट एवं मूल्यांकन निदेशक डॉ. तिलाहुन एजिगु बेलाय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा अमेरिका के ओहायो स्टेट विश्वविद्यालय के शोधार्थी रवि कुमार, मणिपाल विश्वविद्यालय जयपुर के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश शर्मा, जेआईईटी इनक्यूबेशन सेंटर के प्रमुख एवं स्टार्टअप मेंटर डॉ. अमित सांघी, गुरु काशी विश्वविद्यालय पंजाब की डीन एवं प्रोफेसर डॉ. विजय लक्ष्मी, महर्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय मुलाना की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. तेजिंद्र कौर तथा लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय पंजाब के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. मनजीत कौर विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विचार साझा करेंगे।
हनुमानगढ़ साइबर शाखा की प्रोग्रामर रिंकल गर्ग का सत्र रहेगा। इसमें वे डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई एवं ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी निवेश योजनाओं और पहचान की नकल कर किए जाने वाले साइबर अपराधों के वास्तविक मामलों एवं आंकड़ों की जानकारी देंगी। साथ ही आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक उपायों तथा साइबर अपराध का शिकार होने पर उठाए जाने वाले जरूरी कदमों के बारे में जागरूक करेंगी।
नवीन तकनीकी शोध एवं नवाचारों की मिलेगी जानकारी
दो दिवसीय सम्मेलन में साइबर अपराधों की बदलती पकृति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सूचना सुरक्षा, महत्वपूर्ण डिजिटल अवसंरचना की सुरक्षा और बौद्धिक संपदा अधिकारों पर तकनीकी एवं अकादमिक सत्र आयोजित होंगे। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से संवाद करने तथा नवीन तकनीकी शोध एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध के नए तरीके सामने आ रहे हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को साइबर खतरों तथा उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मेलन संयोजक डॉ. कुलवंत सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से शोध, नवाचार और वैश्विक अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देना है। यह सम्मेलन साइबर सुरक्षा की वर्तमान चुनौतियों पर सार्थक चर्चा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
Comments