Expatriates Business: राजस्थानी माटी से निखरी प्रवासी कारोबारी पहचान!

पुणे के कारोबारी रमेशजी बाबूलालजी ओसवाल ने जन्मभूमि से निभाया सेवा और समर्पण का रिश्ता

Published On

Pravasi Rajasthani Ramesh Oswal: जयपुर (सच कहूँ/गुरजंट धालीवाल)। राजस्थान की माटी से निकलकर देश-दुनिया में कारोबारी सफलता हासिल करने वाले प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी जन्मभूमि की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से भी गहरा जुड़ाव बनाए रखा है। पाली जिले के सादड़ी में जन्मे और पुणे, महाराष्ट्र में अपनी कारोबारी पहचान बनाने वाले रमेशजी बाबूलालजी ओसवाल ऐसे ही व्यक्तित्व हैं। जिन्हें इनके सामाजिक कार्यो की बदौलत केवल आर्थिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रखा। धार्मिक स्थलों के संरक्षण, ग्रामीण विकास, शिक्षा और जनसेवा में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया है।

रमेशजी बाबूलालजी ओसवाल के बारे में पुत्र अमित मोदी का कहना है कि पाली जिले के सोनाणा गांव स्थित श्री सोनाणा खेतलाजी जूनिधाम को नया स्वरूप देने में ओसवाल परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पिछले सात वर्षों में धाम और उससे जुड़े क्षेत्रों में सामूहिक सहयोग से 25 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए हैं। अब धाम के गर्भगृह में चार किलो सोने से सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए 50 नए कमरों के निर्माण की योजना है। प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के अवसर पर रमेशजी बाबूलालजी ओसवाल से उनकी जीवन यात्रा, जन्मभूमि के प्रति लगाव, धार्मिक विरासत के संरक्षण और राजस्थान के भविष्य को लेकर विशेष बातचीत।

सवाल:-  सादड़ी से निकलकर पुणे में अपनी कारोबारी पहचान बनाने तक आपकी यात्रा कैसी रही? राजस्थान के संस्कारों ने इसमें क्या भूमिका निभाई?

जवाब:- मेरा जन्म 13 अप्रैल 1968 को पाली जिले के सादड़ी नगर में हुआ। युवा अवस्था में ही रोजगार और कारोबार की समझ महाराष्ट्र ले गई। आज मैं पुणे में रहकर होलसेल स्टील ट्रेडिंग, रियल एस्टेट, हेल्थ सेक्टर और भूमि विकास जैसे क्षेत्रों से जुड़ा हूं। राजस्थान के पाली जिले में भी भूमि विकास से संबंधित कार्य कर रहा हूं। मेरी व्यावसायिक यात्रा में राजस्थान के संस्कारों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। मेहनत, ईमानदारी, आत्मसम्मान और दूसरों की मदद करने की भावना हमें अपनी जन्मभूमि से मिली है। मेरा मानना है कि व्यापार में सफलता हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उस सफलता का कुछ हिस्सा समाज और अपनी जन्मभूमि के काम आए, तो उससे बड़ा संतोष कोई नहीं हो सकता। यहीं वजह है कि शरीर कहीं भी हो मन सोनाणा खेतलाजी जूनिधाम में बसा रहता है। यहीं इच्छा है कि जो हुनर यहां कि मिट्टी ने दिया है उसका ऋण जितना संभव हो सकें सेवा कर उतार सकूं। 

सवाल:- सोनाणा खेतलाजी जूनिधाम के विकास में आपके परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पिछले सात वर्षों में वहां क्या बड़े बदलाव हुए हैं?

जवाब:- श्री सोनाणा खेतलाजी जूनिधाम की कृपा और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से पिछले सात वर्षों में धाम और आसपास के क्षेत्रों में 25 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए हैं। इनमें हमारा व्यक्तिगत आर्थिक सहयोग भी रहा है और अन्य दानदाताओं को जोड़ने का प्रयास भी किया गया है। मंदिर का जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण, धर्मशाला, भोजनशाला, श्रद्धालुओं के लिए आवास व्यवस्था, सड़कें, उद्यान, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। हमारा प्रयास रहा है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और इस धार्मिक स्थल की गरिमा बनी रहे। यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का सामूहिक प्रयास है।

सवाल:- आपने धार्मिक स्थल के विकास के साथ सोनाणा गांव की बुनियादी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया। इसके पीछे क्या सोच रही?

जवाब:- मेरा मानना है कि किसी धार्मिक स्थल का विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आसपास के गांव और स्थानीय लोगों तक भी पहुंचे। इसी सोच के साथ देसूरी से सोनाणा गांव तक सड़क मार्ग पर करीब 175 स्ट्रीट लाइट पोल लगवाने में सहयोग किया गया। इससे रात के समय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा हुई। सोनाणा गांव में जल कनेक्शन उपलब्ध करवाने में भी योगदान दिया। हमारा प्रयास है कि धार्मिक आस्था के साथ गांवों में भी जरूरी सुविधाओं का विस्तार हो। विकास का लाभ केवल मंदिर परिसर तक सीमित नहीं रहना चाहिए। 

सवाल:- आपने देसूरी तहसील के सरकारी विद्यालयों में भी सुविधाएं उपलब्ध करवाईं। शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल की प्रेरणा कहां से मिली?

जवाब:-  राजस्थान में गर्मी बहुत अधिक पड़ती है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को कई बार बुनियादी सुविधाओं की जरूरत होती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए देसूरी तहसील के सभी सरकारी विद्यालयों में वाटर कूलर और सीलिंग फैन उपलब्ध करवाने में सहयोग किया। हमारा उद्देश्य था कि बच्चों को पीने के लिए ठंडा पानी मिले और गर्मी में पढ़ाई के दौरान कुछ राहत मिल सके। मेरा विश्वास है कि बच्चों की शिक्षा और उनकी सुविधाओं पर किया गया काम समाज के भविष्य में निवेश है।

सवाल:- प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 को आप किस नजरिए से देखते हैं? क्या यह आयोजन विदेशों और दूसरे राज्यों में बसे राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन सकता है?

जवाब:- प्रवासी राजस्थानी दिवस राजस्थानियों को एक मंच पर लाने की बहुत अच्छी पहल है। देश-दुनिया में बसे राजस्थानियों ने व्यापार, उद्योग और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। उनकी सफलता के साथ राजस्थान के विकास में भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। यह आयोजन प्रवासी राजस्थानियों और राज्य सरकार के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत कर सकता है। मेरा मानना है कि हर प्रवासी अपनी सामर्थ्य के अनुसार जन्मभूमि के विकास में योगदान दे सकता है। जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति बड़ा उद्योग लगाए। शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक पर्यटन, गांवों में सुविधाओं और समाजसेवा के माध्यम से भी महत्वपूर्ण बदलाव लाए जा सकते हैं। खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इसको लेकर गंभीर है यहीं वजह है कि बड़ी संख्या में नए चेप्टर खुले है। यह आयोजन हमे हमारी जड़ों से जोड़ने के साथ जिम्मेदारियों का अहसास दिलाने वाला भी है कि सक्षम होने पर अपने लोगों को भूलना नहीं है। 

सवाल:- एक उद्यमी के रूप में राजस्थान में निवेश और रोजगार की सबसे अधिक संभावनाएं किन क्षेत्रों में देखते हैं?

जवाब:- राजस्थान में विकास की अपार संभावनाएं हैं। रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, होटल व्यवसाय, सौर ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और छोटे एवं मध्यम उद्योगों में विशेष अवसर हैं। 

सवाल:- राजस्थान के युवाओं और दुनिया भर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को आप क्या संदेश देना चाहेंगे?

जवाब:-  युवाओं से यही कहना चाहूंगा कि बड़े सपने देखिए, मेहनत कीजिए और अपने काम के प्रति ईमानदार रहिए। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में आगे बढ़ने के लिए धैर्य, अनुशासन और विश्वास बहुत जरूरी हैं। लेकिन सफलता हासिल करने के बाद अपनी जड़ों को मत भूलिए। मैं सभी प्रवासी राजस्थानियों से भी कहना चाहूंगा कि हम जहां भी रहें, अपनी जन्मभूमि के विकास में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान जरूर दें। राजस्थान की संस्कृति, धार्मिक विरासत और परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। मेरी इच्छा है कि आने वाले वर्षों में राजस्थान ऐसा विकसित प्रदेश बने, जहां युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिले, गांवों में आधुनिक सुविधाएं हों और हमारी सांस्कृतिक विरासत भी सुरक्षित रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts