छह साल से मरीजों और परिजनों का सहारा बनी फ्री रोटी सेवा, रोजाना 450 से अधिक लोगों को भोजन
श्री संत सज्जन चैरिटेबल ट्रस्ट की अनूठी पहल, सुबह-शाम मिलता है नि:शुल्क खाना
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए श्री संत सज्जन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से टाउन में राजकीय जिला चिकित्सालय के नजदीक संचालित फ्री रोटी सेवा पिछले करीब छह वर्षांे से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों का सहारा बनी हुई है। इस सेवा के तहत प्रतिदिन सुबह करीब 250 और शाम को 200 से अधिक लोगों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। शहर के दानदाताओं के सहयोग से यह सेवा निरंतर जारी है।
इसी कड़ी में गुरुवार को जयदेव गर्ग ने अपने पुत्र दुर्गेश गर्ग की स्मृति में लंगर सेवा में सहयोग दिया। ट्रस्ट अध्यक्ष हरपाल सिंह, उपप्रधान पवन गर्ग और सचिव रमेश काठपाल ने बताया कि टाउन व जंक्शन के दानदाताओं के सहयोग से पिछले करीब छह वर्षांे से सुबह-शाम लंगर सेवा संचालित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को भोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़े, यह सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि फ्री रोटी सेवा में सुबह भोजन के साथ खिचड़ी और शाम को भोजन के साथ दलिया भी उपलब्ध करवाया जाता है। यहां आने वाला व्यक्ति स्वयं भोजन कर सकता है और अस्पताल में भर्ती अपने मरीज के लिए भी खाना लेकर जा सकता है। इससे मरीजों के परिजनों को काफी राहत मिल रही है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के दानदाता हर माह आर्थिक सहयोग के साथ राशन सामग्री भी उपलब्ध करवाते हैं।
इसके अलावा लोग अपने परिवार में जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर भी भोजन की व्यवस्था करवाकर सेवा कार्य में भागीदारी निभाते हैं। सहसचिव जिम्मी नारंग और कोषाध्यक्ष विजेन्द्र कुमार ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से मरीजों और उनके परिजनों के लिए इस तरह की नि:शुल्क भोजन सेवा संचालित की जा रही है। उन्होंने सक्षम लोगों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें, ताकि जरूरतमंदों को निरंतर भोजन उपलब्ध करवाया जा सके और सेवा का यह सिलसिला सुचारू रूप से चलता रहे।
Comments