Sugarcane Crop: पंजीठ गांव के जंगल में खड़ी गन्ने की फसल में लगी आग, पीड़ित किसान ने अज्ञात व्यक्ति पर आग लगाने का आरोप लगाया
पंजीठ गांव के जंगल में खड़ी गन्ने की फसल में लगी आग, पीड़ित किसान ने अज्ञात व्यक्ति पर आग लगाने का आरोप लगाया
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: खेत में महीनों की मेहनत से तैयार की गई गन्ने की फसल आग की भेंट चढ़ गई। पंजीठ गांव के जंगल में खड़ी करीब तीन बीघा ईख की फसल जलकर नष्ट होने से किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति पर फसल में आग लगाने का आरोप लगाते हुए करीब दो लाख रुपये की आर्थिक क्षति का दावा किया है। किसान ने जिलाधिकारी को शिकायती-पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।
कैराना क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी निवासी महीपाल पुत्र बुद्धसिंह की ग्राम पंजीठ के जंगल में खसरा संख्या-413 में कृषि भूमि है। उक्त भूमि पर उसने गन्ने की फसल उगा रखी थी। पीड़ित के अनुसार, गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खेत में खड़ी ईख की फसल में आग लगा दी। आग की चपेट में आने से करीब तीन बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। किसान का दावा है कि अग्निकांड में उसे लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित महीपाल ने जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि वह गरीब मजदूर है। उसके पास थोड़ी-सी कृषि भूमि है, जिस पर खेती करके वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। किसान के अनुसार, खेत में तैयार खड़ी गन्ने की फसल उसके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण सहारा थी। फसल जलने से उसे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम से जांच और मुआवजे की लगाई गुहार
पीड़ित किसान ने जिलाधिकारी शामली को संबोधित शिकायती-पत्र में फसल में आग लगने की घटना की जांच कराने की मांग की है। उसका कहना है कि नुकसान का आकलन कराकर उसे उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि परिवार के भरण-पोषण में कुछ आर्थिक राहत मिल सके। किसान ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान की राशि की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
Comments