Mathura-Vrindavan Accident: मथुरा-वृंदावन में बड़ा हादसा! निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरी

तीन श्रमिकों की मौत, एक घायल

Published On

मथुरा (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को निर्माणाधीन व्यावसायिक परिसर में बड़ा हादसा हो गया। रुक्मणी विहार क्षेत्र में निर्माणाधीन ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में छत और छज्जे की ढलाई के दौरान शटरिंग अचानक ढह गई। हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने मलबे में फंसे श्रमिकों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। Mathura News

ढलाई के दौरान अचानक ढही शटरिंग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुक्मणी विहार स्थित निर्माणाधीन व्यावसायिक परियोजना में रात के समय छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान शटरिंग पर मौजूद निर्माण सामग्री का भार अचानक नीचे आ गया और पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे की चपेट में चार श्रमिक आ गए। पुलिस के अनुसार, बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद चारों श्रमिकों को मलबे से बाहर निकाला। इनमें एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि तीन अन्य को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। Mathura News

अस्पताल में उपचार के दौरान दो और श्रमिकों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक श्रमिकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग भी की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलने के बाद सभी संबंधित टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान चलाया गया। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायल श्रमिक का बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मृतकों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें नियमानुसार और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है। उन्होंने घायल श्रमिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। Mathura News

About The Author

Related Posts