घर बैठे लाखों के पुरस्कार जीतने का मौका, क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन
पंजीयन अभियान तेज, 6 सितम्बर को होगी परीक्षा, प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय 25 हजार रुपए
Sports Knowledge Test: हनुमानगढ़। खेलों के प्रति विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन में रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती की ओर से आयोजित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को लेकर संगरिया ब्लॉक में संपर्क एवं पंजीयन अभियान तेज कर दिया गया है। क्रीड़ा भारती पदाधिकारी विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों को परीक्षा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा एवं जिलाध्यक्ष मदनलाल सुथार के नेतृत्व में संगरिया ब्लॉक की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं से संपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय स्टेट स्कूल, बीएन स्कूल सहित शेरगढ़, नगराना, मानकसर एवं अन्य क्षेत्रों की शिक्षण संस्थाओं के संचालकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से संपर्क कर परीक्षा एवं पंजीयन की जानकारी दी गई। कई स्थानों पर संपर्क सभाएं भी आयोजित की गईं।
जिला संयोजक दलीप वर्मा ने बताया कि क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने शिक्षण संस्थाओं से अधिकाधिक विद्यार्थियों का पंजीयन करवाकर उन्हें इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष मदनलाल सुथार ने बताया कि क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन 6 सितम्बर को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु सीमा 12 वर्ष निर्धारित की गई है। परीक्षा में 50 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रतिभागियों को निर्धारित समय में इनके उत्तर देने होंगे। विद्यार्थी विभिन्न माध्यमों से परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे।
एक लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार
परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए, द्वितीय 50 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा संगठन के 11 क्षेत्रों में चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 11-11 हजार रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रांतीय स्तर पर भी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमश: 5100, 2100 और 1100 रुपए निर्धारित किए गए हैं।
क्रीड़ा भारती की ओर से संगरिया ब्लॉक की सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं से अधिकाधिक विद्यार्थियों का पंजीयन करवाने का आह्वान किया गया है। पदाधिकारियों के अनुसार विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को परीक्षा की उपयोगिता, पंजीयन प्रक्रिया और पुरस्कारों की जानकारी दी जा रही है। परीक्षा के लिए क्रीड़ा भारती की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन किया जा सकता है। संगठन का लक्ष्य संगरिया क्षेत्र से अधिकाधिक विद्यार्थियों को परीक्षा से जोड़ना है। Hanumangarh News