राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शिखर शिक्षा सदन के खिलाड़ियों ने जीते पदक
आरव ने कांस्य और अक्षित हूण ने रजत पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। कौशांबी में 21 से 23 अगस्त तक आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के दो खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
कक्षा 10वीं के छात्र आरव ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में कड़े मुकाबलों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, कक्षा 8वीं के छात्र अक्षित हूण ने 51 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीत लिया। दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी मेहनत, आत्मविश्वास, लगन और बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया।
विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतना विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि आरव और अक्षित हूण ने अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत के बल पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
प्रबंधिका शिखा शर्मा ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रधानाचार्या शालिनी राय ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिवार की ओर से निदेशक राजेश शर्मा एवं प्रधानाचार्या शालिनी राय ने संयुक्त रूप से दोनों विजेता खिलाड़ियों का मेडल एवं पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।