मॉडिफाइड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, 22 दुपहिया सीज
शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 8 चालकों पर भी कार्रवाई, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप
हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा के संदेश को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार चलाए गए अभियान में मॉडिफाइड एवं बिना नंबर प्लेट वाली 22 मोटर साइकिलों को सीज किया गया। Hanumangarh News
इनमें दो ऐसी बुलेट मोटर साइकिलें भी शामिल हैं, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में पटाखे जैसी आवाज निकाली जा रही थी। यातायात शाखा की कार्रवाई के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 8 वाहन चालकों के वाहन भी सीज किए गए। इनमें सात मोटर साइकिल और एक टैक्सी शामिल है। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मॉडिफाइड बाइक चलाने और नशे में वाहन दौड़ाने वाले चालकों में हड़कंप मच गया।
यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि वाहन चालकों को लगातार समझाइश की जा रही है कि नया हो या पुराना, किसी भी दुपहिया वाहन को मॉडिफाइड नहीं करवाएं। वाहन में इस तरह का बदलाव परमिट नियमों एवं आरसी की शर्तांे के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों की पालना करें, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें और शराब के नशे में वाहन बिल्कुल न चलाएं। नियमों की पालना से न केवल वाहन चालक, बल्कि उनका परिवार और सड़क पर चलने वाले अन्य लोग भी सुरक्षित रहेंगे। Hanumangarh News