फरियादियों को बार-बार चक्कर न लगवाएं, तत्काल करें शिकायतों का निस्तारण: केशव चौधरी
किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े: एडि. सीपी
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी ने रोजमर्रा की भांति आज भी अपने कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचे जनपद के दर्जनों फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना या बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाना पड़े।
पुलिस का दायित्व है कि आमजन का सम्मान करते हुए उसकी पीड़ा को गंभीरता से सुने और उसे न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करे। एडि.सीपी श्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाते हुए पीड़ितों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।