Transport Department News: यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं, होगी सख्त कार्रवाई - एआरटीओ
रक्षाबंधन से पहले महोबा में परिवहन विभाग सख्त, बसों में मनमाना किराया और बदसलूकी पर होगी कार्रवाई
महोबा (हि.स.)। रक्षाबंधन के पर्व पर यात्रियों की बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए महोबा परिवहन विभाग ने बस संचालकों, चालकों और परिचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने साफ कहा है कि त्योहार के दौरान यात्रियों से तय किराए से अधिक राशि वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी। ARTO News
साथ ही महिला यात्रियों की सुरक्षा और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को एआरटीओ दयाशंकर ने जिला मुख्यालय स्थित परिवहन विभाग कार्यालय, रोडवेज बस अड्डे और परमानंद तिराहे समेत विभिन्न स्थानों पर बस मालिकों, ड्राइवरों और कंडक्टरों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी दी।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी चालक शराब या नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएगा। बसों में अश्लील गीत बजाने पर भी रोक लगाई गई है। इसके अलावा यात्रा के दौरान यात्रियों, विशेषकर महिलाओं के साथ किसी भी तरह की अभद्रता न करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने बस संचालकों से कहा कि वे सभी यात्रियों के साथ शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। त्योहार के दौरान बसों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए वाहन संचालन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ARTO News
महिलाओं की बढ़ेगी संख्या, सुरक्षा पर विशेष ध्यान
अधिकारियों के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की यात्रा संख्या सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ सकती है। ऐसे में बसों में महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना बस संचालकों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। चालकों और परिचालकों को भीड़भाड़ की स्थिति में धैर्य और संयम बनाए रखने तथा यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई है।
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि तय किराए से अधिक वसूली, नशे की हालत में वाहन चलाने, यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार या अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रियों की सुविधा या सुरक्षा से समझौता करने वाले बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ARTO News