खनन माफिया के हौसले बुलंद, सिपाही से मारपीट कर सीज डंपर छुड़ा ले गए

खनन माफिया के हौसले बुलंद, सिपाही से मारपीट कर सीज डंपर छुड़ा ले गए

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं का दुस्साहस सामने आया है। रेत से भरे डंपरों को पकड़ने गई खनन विभाग की टीम पर आरोपियों ने हमला किया है। दबंगों ने खनन टीम में शामिल पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की और जब्त किया गया डंपर जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। खनन अधिकारी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

बताया गया है कि खनन अधिकारी सुधाकर सिंह 23-24 अगस्त की रात्रि करीब 12 से एक बजे के बीच कांस्टेबल अजीत सिंह और प्राइवेट चालक भूपेंद्र सिंह के साथ कैराना कस्बे के कांधला रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें रेत से भरे दो डंपर आते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान दोनों वाहनों के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध रॉयल्टी प्रपत्र नहीं मिला। इसके बाद, खनन अधिकारी ने एक डंपर को यमुना ब्रिज पुलिस चौकी ले जाकर सीज कर दिया, जबकि दूसरे डंपर को कांस्टेबल अजीत सिंह चौकी की ओर लेकर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही सिपाही डंपर को लेकर कैराना बाईपास तिराहे पर पहुंचा, तभी सफेद रंग की किया व स्विफ्ट कार सवार कई लोग वहां पहुंचे।

दबंगों ने डंपर के आगे अचानक कार अड़ाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद, आरोपियों ने कांस्टेबल अजीत सिंह को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से मारपीट व अभद्रता शुरू कर दी। आरोपी सिपाही को जान से मारने की धमकी देते हुए जब्त डंपर को जबरन भगा ले गए। बताया जा रहा है दोनों डंपर कैराना स्थित खनन स्टॉक से भरकर लाए जा रहे थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, मामले के सम्बन्ध में सीओ कैराना के सरकारी नंबर पर कॉल किया गया, लेकिन कॉल उनके गनर ने रिसीव किया। उन्होंने सीओ के मीटिंग में होने की बात कही।

Rohtak-crime

About The Author

Related Posts