GST Registration Cancellation: 1 दिसंबर से GST रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराना होगा आसान, दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
GST Registration Cancellation: GST रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने के लिए नहीं लगाने होंगे सरकारी दफ्तरों के चक्कर
GST Registration Cancellation: क्या आपका GST से जुड़ा कोई काम बाकी है? अगर हां, तो आपके लिए राहत की खबर है। 1 दिसंबर 2026 से GST रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने की प्रक्रिया आसान होने जा रही है। केंद्र सरकार ने GST रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की मंजूरी दी है। इससे पात्र कारोबारियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और वे GST पोर्टल के जरिए ही अपना रजिस्ट्रेशन कैंसिल करा सकेंगे।
वित्त मंत्रालय ने इसके लिए सेंट्रल GST (CGST) नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत पात्र कारोबारियों के GST रजिस्ट्रेशन कैंसिलेशन की प्रक्रिया ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से पूरी की जाएगी।
क्या बदलने वाला है?
नए नियमों के तहत अगर किसी कारोबारी ने GST रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने के लिए आवेदन किया है और उसने सभी जरूरी शर्तें पूरी कर दी हैं, तो उसका रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन सिस्टम के जरिए ही कैंसिल हो जाएगा।
इसके लिए दो प्रमुख शर्तें होंगी। पहली, कारोबारी ने अपनी सभी जरूरी GST रिटर्न फाइल कर दी हों। दूसरी, उस पर टैक्स, ब्याज, फीस, पेनल्टी या अन्य कोई देनदारी बकाया नहीं हो। इन शर्तों को पूरा करने पर GST पोर्टल इलेक्ट्रॉनिक तरीके से रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने का आदेश जारी करेगा।
कुछ मामलों में अधिकारी की मंजूरी होगी जरूरी
हालांकि, हर कारोबारी का GST रजिस्ट्रेशन अपने आप कैंसिल नहीं होगा। अगर किसी कारोबारी ने जरूरी GST रिटर्न जमा नहीं की हैं या उसके ऊपर टैक्स, ब्याज, फीस अथवा पेनल्टी बकाया है, तो उसका आवेदन संबंधित GST अधिकारी के पास भेजा जाएगा। अधिकारी मामले की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।
किस तारीख से कैंसिल माना जाएगा रजिस्ट्रेशन?
नए नियमों के मुताबिक, GST रजिस्ट्रेशन उसी तारीख से कैंसिल माना जाएगा, जिस तारीख से कारोबारी ने आवेदन में इसे बंद करने की मांग की है। रजिस्ट्रेशन कैंसिल होने की जानकारी कारोबारी को ऑनलाइन FORM GST REG-38 के जरिए दी जाएगी।
किन कारोबारियों को मिलेगा फायदा?
नए नियमों से खासतौर पर उन कारोबारियों को फायदा होगा, जिन्होंने अपना कारोबार बंद कर दिया है या अब उन्हें GST रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है। ऐसे कारोबारियों को रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने के लिए लंबी प्रक्रिया और सरकारी अधिकारियों के जवाब का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी, कागजी कार्रवाई कम होगी और GST रजिस्ट्रेशन कैंसिल कराने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
Comments