अंतहीन महत्वाकांक्षा मनुष्य को भीतर से तोड़ देती है
वह एक लक्ष्य हासिल करने के बाद दूसरे लक्ष्य के पीछे दौड़ने लगता....
राजेन्द्र बज
मनुष्य का स्वभाव है कि वह जीवन में आगे बढ़ने और अपनी स्थिति को बेहतर बनाने की इच्छा रखता है। सफलता, धन, प्रतिष्ठा और सम्मान पाने की चाह रखना गलत नहीं है, लेकिन जब यही चाह जीवन का एकमात्र उद्देश्य बन जाती है, तब मनुष्य अपनी वास्तविक खुशियों से दूर होने लगता है। वह एक लक्ष्य हासिल करने के बाद दूसरे लक्ष्य के पीछे दौड़ने लगता है। उसकी इच्छाओं का कोई अंत नहीं होता। ऐसे में यह विचार करना जरूरी है कि क्या जीवन का उद्देश्य निरंतर उपलब्धियां हासिल करना ही है? आज अधिकांश लोग अपने-अपने क्षेत्र में आगे निकलने की दौड़ में लगे हैं। किसी को अधिक धन चाहिए, किसी को ऊंचा पद और किसी को समाज में विशेष पहचान। विडंबना यह है कि इस भागदौड़ में मनुष्य अपनी वर्तमान उपलब्धियों का आनंद लेना भी भूल जाता है।
उसके पास सुख-सुविधाओं के साधन होते हैं, परिवार और अपने लोगों का साथ होता है, फिर भी मन में असंतोष बना रहता है। धीरे-धीरे उसका जीवन एक ऐसी दिनचर्या में बदल जाता है, जिसमें काम और जिम्मेदारियों के लिए तो समय होता है, लेकिन स्वयं के लिए समय नहीं बचता। वास्तव में इच्छाओं की यह दौड़ मृगतृष्णा जैसी है। एक इच्छा पूरी होते ही दूसरी जन्म ले लेती है। मनुष्य यह भूल जाता है कि जीवन की अवधि सीमित है और एक दिन उसे सब कुछ यहीं छोड़कर जाना है। धन, संपत्ति, पद और प्रतिष्ठा जीवन के बाद उसके साथ नहीं जाते। समय बीतने के साथ लोगों की स्मृतियों में भी व्यक्ति की पहचान धुंधली पड़ने लगती है। ऐसे में जीवन भर अहंकार, दिखावे और संग्रह की भावना में उलझे रहना समझदारी नहीं है। इसका अर्थ यह नहीं है कि मनुष्य को मेहनत करना या जीवन में आगे बढ़ने का प्रयास छोड़ देना चाहिए। अंतिम समय तक कर्मशील बने रहना ही जीवन की सार्थकता है।
अंतर इतना है कि हमारी मेहनत का उद्देश्य व्यक्तिगत लाभ तक सीमित नहीं रहना चाहिए। परिवार के प्रति जिम्मेदारियां निभाने के साथ समाज और जरूरतमंद लोगों के लिए भी कुछ करने की भावना होनी चाहिए। दूसरों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास मनुष्य को ऐसा आत्मिक संतोष देता है, जिसकी तुलना किसी भौतिक उपलब्धि से नहीं की जा सकती। यह संसार निरंतर परिवर्तनशील है। यहां हर व्यक्ति आता है, अपनी भूमिका निभाता है और एक दिन विदा हो जाता है। प्रकृति का यह नियम सभी पर समान रूप से लागू होता है। इसलिए अपनी उपलब्धियों पर अहंकार करने या दूसरों से लगातार तुलना करने का कोई औचित्य नहीं है।
जीवन को सहजता से स्वीकार करना और हर परिस्थिति में संतुलन बनाए रखना जरूरी है। सच्ची प्रसन्नता बड़ी उपलब्धियों या महंगे साधनों में ही नहीं, छोटी-छोटी खुशियों में भी मिलती है। अपनों के साथ बिताया गया समय, किसी जरूरतमंद की सहायता और दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास जीवन को अर्थपूर्ण बनाते हैं। मनुष्य को महत्वाकांक्षी जरूर होना चाहिए, लेकिन उसकी महत्वाकांक्षा इतनी बड़ी नहीं होनी चाहिए कि जीवन का आनंद ही छिन जाए। आखिरकार जीवन अधिक पाने की अंतहीन दौड़ नहीं, संतोष, संवेदना और आनंद के साथ जीने की कला है।
(यह लेखक के अपने विचार हैं)
Comments