Bhajanlal Sharma Political Journey: राजस्थान CM भजनलाल शर्मा का सियासी सफर, सादगी की राह में कांटों भरा!
सादगी, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और राजनीतिक कौशल की हुई बड़ी परीक्षा
जयपुर (गुरजंट सिंह धालीवाल)। सादगी, सहजता, भ्रष्टाचार के विरुद्ध दृढ़ता और कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में रास्ता निकालने का कौशल—एक सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बने भजनलाल शर्मा की राजनीतिक यात्रा इन्हीं विशेषताओं का अनूठा संगम है। राजनीति में मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन उस कुर्सी पर बैठकर भी अपनी पहचान, व्यवहार और जीवनशैली को बनाए रखना उससे कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होता है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का व्यक्तित्व इसी दृष्टिकोण से अलग दिखाई देता है। सत्ता के शीर्ष पर पहुंचने के बावजूद उनकी सार्वजनिक छवि में सहजता, सादगी और सामान्य कार्यकर्ता जैसा व्यवहार दिखाई देता है। इसके साथ ही कठिन राजनीतिक परिस्थितियों को समझने, बदलते समीकरणों में रास्ता निकालने और संगठन को साथ लेकर चलने की उनकी क्षमता भी चर्चा में रही है।
सादगी : जो सार्वजनिक जीवन में अलग पहचान बनाती है

भजनलाल शर्मा की कार्यशैली का खास पहलू आमजन से सीधा जुड़ाव है। सामान्य रहन-सहन, बिना अधिक औपचारिकता के लोगों के बीच पहुंचना और ग्रामीण परिवेश में समय बिताना उनकी सार्वजनिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में रात्रि प्रवास के दौरान खाट पर बैठकर ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं से संवाद करना इसी सहजता की मिसाल है।
नागौर के गोगेलाव गांव में वाल्मीकि परिवार के घर भोजन करना भी आम परिवारों के बीच उनकी आत्मीय उपस्थिति को दर्शाता है। उनके करीबियों और प्रशासनिक गलियारों में यह प्रसंग भी चर्चा में रहता है कि कार्यकाल के शुरुआती दिनों में वे दफ्तर में पांच रुपये वाले साधारण पेन का इस्तेमाल करते थे। ऐसे छोटे-छोटे किस्से उनकी सादगी की छवि को और गहरा करते हैं। मुख्यमंत्री का गांव की चौपाल पर बैठकर समस्या सुनना और शासन-प्रशासन के स्तर पर उसके समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाना केवल जनसंपर्क नहीं, बल्कि शासन को जमीनी वास्तविकताओं से जोड़ने का माध्यम भी है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस : प्रशासनिक इच्छाशक्ति का संदेश
भजनलाल शर्मा सरकार की कार्यशैली का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष भ्रष्टाचार और गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं के विरुद्ध कार्रवाई है। सरकार ने अधिकारियों-कर्मचारियों के मामलों में बर्खास्तगी, निलंबन, अभियोजन और पेंशन संबंधी कार्रवाई को आगे बढ़ाया है। 23 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार 27 अधिकारियों के विरुद्ध 21 मामलों में अभियोजन स्वीकृति दी गई। इसके कुछ ही दिनों बाद 27 अक्टूबर को 30 मेजर पेनल्टी मामलों का निस्तारण करते हुए 17 सेवारत अधिकारियों की वार्षिक वेतन वृद्धियां और 16 सेवानिवृत्त अधिकारियों की पेंशन रोकने की कार्रवाई को मंजूरी दी गई।
वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल के मामले में भी राज्य सरकार की अनुमति के बाद ACB जांच और FIR तक पहुंची। मामला न्यायिक प्रक्रिया में है, इसलिए आरोपों का अंतिम निर्धारण जांच और अदालत के परिणाम पर निर्भर करेगा। लेकिन वरिष्ठ स्तर पर भी जवाबदेही की प्रक्रिया आगे बढ़ना प्रशासनिक संदेश की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
इसी तरह प्रमोद शर्मा प्रकरण भी राजनीतिक चर्चा में रहा। मीडिया रिपोर्टों में उन्हें मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताया गया और जमीन से जुड़े विवाद तथा कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस कार्रवाई की खबरें सामने आईं। ऐसे मामलों में कानून की प्रक्रिया का समान रूप से लागू होना ही सरकार की विश्वसनीयता की बुनियादी कसौटी है। व्यक्तिगत सादगी के साथ प्रशासनिक दृढ़ता का यह मेल मुख्यमंत्री की नेतृत्व शैली का महत्वपूर्ण पक्ष बनता है।
नगरीय निकाय चुनाव : कठिन समीकरणों में राजनीतिक कौशल
भजनलाल शर्मा की राजनीतिक क्षमता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण नगरीय निकाय चुनाव रहे। पार्टी के भीतर टिकट वितरण से उपजा असंतोष, बागी प्रत्याशी, स्थानीय गुटबाजी और निर्दलीयों की भूमिका ने कई जगह चुनावी समीकरणों को जटिल बनाया। इसके बावजूद भाजपा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और बाद में कई स्थानों पर बोर्ड गठन के लिए कठिन राजनीतिक समीकरण साधे।
भरतपुर जैसे उदाहरणों में निर्दलीय पार्षदों की बड़ी संख्या के बावजूद भाजपा का महापौर पद हासिल करना राजनीतिक प्रबंधन की चुनौती को दर्शाता है। चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री की सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मौजूदगी ने भी पार्टी के अभियान को मजबूती दी। यहां उनकी कार्यशैली का एक अलग पक्ष सामने आया—व्यक्तिगत जीवन में सहजता, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियों में धैर्य और रणनीति। कठिन समीकरणों में संभावना तलाशना और चुनाव के बाद भी संवाद के रास्ते खुले रखना उनके राजनीतिक प्रबंधन कौशल को दर्शाता है।
लोकप्रियता की चमक और भीतर की सियासी हलचल
नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और दिल्ली नेतृत्व से मिली सराहना ने प्रदेश की राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर दी। मुख्यमंत्री की जमीनी सक्रियता, आमजन से सीधा जुड़ाव और चुनावी परिस्थितियों में संगठन को साथ लेकर चलने की क्षमता को मिली इस सराहना ने उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता को और मजबूती दी।
लेकिन राजनीति में बढ़ती स्वीकार्यता अपने साथ नई चुनौतियां भी लेकर आती है। जमीनी जुड़ाव और लगातार बढ़ती राजनीतिक स्वीकार्यता के बीच ऐसे संकेत भी उभरे कि पार्टी के भीतर कुछ चेहरे इस बढ़ती राजनीतिक चमक से असहज दिखाई देने लगे। इसे किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध आरोप के बजाय सत्ता और संगठन के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों की स्वाभाविक हलचल के रूप में देखा जाना चाहिए।यहीं भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की एक महत्वपूर्ण परीक्षा शुरू होती है। बाहर से मिल रही सराहना को संगठन की सामूहिक शक्ति में बदलना और भीतर पैदा होने वाली असहजताओं को टकराव में बदलने से रोकना आसान काम नहीं है।
पंचायत चुनाव : चुनौती के बीच नेतृत्व की परीक्षा
पंचायती राज चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन कई क्षेत्रों में अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा। कुछ स्थानों पर भीतरघात, असंतोष और संगठनात्मक बेरुखी की चर्चाएं भी सामने आईं। हालांकि पंचायत चुनावों के परिणाम केवल मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का पैमाना नहीं होते। स्थानीय उम्मीदवार, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय गुटबाजी, प्रत्याशी चयन और स्थानीय मुद्दे भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
फिर भी इन परिणामों ने भाजपा संगठन के सामने आत्ममंथन की स्थिति पैदा की। 25 नवंबर 2026 के जिला प्रमुख चुनावों ने इस चुनौती को और दिलचस्प बना दिया। भाजपा को केवल पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला था, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की राजनीतिक सक्रियता, व्यक्तिगत प्रयासों और पार्टी के रणनीतिक प्रबंधन के बीच भाजपा ने कुल दस जिलों में जिला प्रमुख पद हासिल किए। यानी जिन पांच जिलों में पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था, वहां भी राजनीतिक समीकरणों को साधकर पांच अतिरिक्त जिलों में सफलता प्राप्त करना नेतृत्व की रणनीतिक क्षमता का उल्लेखनीय उदाहरण रहा।
चूरू इसका सबसे बड़ा उदाहरण रहा, जहां कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा की कनिका सिंह जिला प्रमुख बनीं। यह परिणाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राजनीतिक कौशल, संवाद और रणनीतिक प्रबंधन की क्षमता को रेखांकित करता है। संख्या का गणित कांग्रेस के पक्ष में था, लेकिन राजनीतिक समीकरण भाजपा के पक्ष में बदल गए। साथ ही, इस जीत ने वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ को भी एक बार फिर प्रदेश की सक्रिय राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया। यही वह कौशल है, जो सीमित संख्याबल को भी राजनीतिक सफलता में बदलने की क्षमता दिखाता है।
ऐसी परिस्थितियों में निर्दलीयों, बागियों और छोटे राजनीतिक समूहों से संवाद तथा उपलब्ध संभावनाओं को साधना महत्वपूर्ण रहा। सीमित संख्याबल के बावजूद मैदान में बने रहना और अंतिम समय तक राजनीतिक संपर्क बनाए रखना मुख्यमंत्री की जुझारू राजनीतिक कार्यशैली को दर्शाता है।
सबसे कठिन चुनौती : मंत्रिमंडल और संगठन में संतुलन
मुख्यमंत्री के सामने विपक्ष से मुकाबले के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के भीतर अलग-अलग अपेक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी है। भाजपा में अनुभवी वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व मंत्री, संगठन के पुराने पदाधिकारी और नई पीढ़ी के राजनीतिक चेहरे हैं। सभी की अपनी भूमिका और अपेक्षाएं हैं।
भजनलाल शर्मा के लिए आवश्यक है कि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का सम्मान बना रहे, मंत्रिमंडल के सहयोगियों को जिम्मेदारी और विश्वास मिले तथा संगठन के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और अपेक्षाओं को भी साथ लेकर चला जाए। यही वह बिंदु है जहां मुख्यमंत्री की संवाद क्षमता, धैर्य और निर्णय क्षमता की सबसे अधिक जरूरत पड़ती है। राजनीतिक लोकप्रियता को संगठन की सामूहिक ताकत में बदलना और विभिन्न गुटों के बीच समन्वय बनाए रखना किसी भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व की बड़ी कसौटी है।
सादगी से सुशासन तक : नेतृत्व की असली पहचान
भजनलाल शर्मा की सार्वजनिक छवि का आकर्षण उनकी सहजता और सादगी में है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई प्रशासनिक इच्छाशक्ति का संकेत देती है, कठिन चुनावी परिस्थितियों में रास्ता तलाशना उनके राजनीतिक कौशल को सामने लाता है और गांवों में आमजन से संवाद उन्हें जमीनी राजनीति से जोड़े रखता है।
लेकिन इन सभी प्रयासों की अंतिम सफलता शासन के परिणामों से तय होगी—किसान को समय पर पानी और बिजली मिले, युवा को रोजगार के अवसर मिलें, भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हो, गरीब को आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें तथा सरकारी कार्यालयों में आम नागरिक को सम्मान और त्वरित समाधान मिले।
भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और समयबद्धता भी सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान कार्यकाल में 410 भर्ती परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित हुईं और लगभग 1.90 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गईं। परीक्षाओं का समय पर आयोजन, भर्ती कैलेंडर के माध्यम से युवाओं को समयबद्ध प्रक्रिया का भरोसा और रोजगार मेलों में नियुक्ति पत्र सौंपने की पहल इस दिशा में सकारात्मक कदम हैं। वहीं, 53,750 पदों वाली चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती को आगे बढ़ाकर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापन और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करना भी एक बड़ी उपलब्धि है। ये प्रयास बताते हैं कि सरकार का जोर केवल भर्ती की घोषणाओं पर नहीं, बल्कि पारदर्शी चयन और युवाओं तक नियुक्ति का अवसर पहुंचाने पर भी है।
भजनलाल शर्मा के लिए यह सफर इसलिए कांटों भरा है कि उन्हें अपनी सहजता बनाए रखते हुए प्रशासनिक जवाबदेही, संगठन की एकजुटता, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान, मंत्रिमंडल का विश्वास और जनता की अपेक्षाओं के बीच संतुलन साधना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय नेतृत्व का विश्वास उनकी राजनीतिक यात्रा को मजबूती देता है, लेकिन उस विश्वास को राजस्थान की जनता के भरोसे में बदलना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। सादगी व्यक्तित्व का आभूषण हो सकती है, राजनीतिक कौशल नेतृत्व की ताकत और भ्रष्टाचार के विरुद्ध दृढ़ता प्रशासनिक इच्छाशक्ति का संकेत। लेकिन इन सबका स्थायी मूल्यांकन सुशासन के परिणामों से ही होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की राजनीतिक यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यही है—सत्ता के शीर्ष पर पहुंचकर भी कार्यकर्ता जैसी सहजता बनाए रखना और राजनीतिक चुनौतियों के बीच रास्ता निकालते रहना।
लेखक:- सूबेदार (शिक्षक) अनिल कुमार (सेवानिवृत्त) सेना शिक्षा कोर
Comments