कश्मीर में आतंकवादी संगठनों में भर्ती लगभग शून्य
कश्मीर में आतंकवादी संगठनों में भर्ती लगभग शून्य
श्रीनगर (एजेंसी)। Srinagar: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी संगठनों में स्थानीय युवाओं की भर्ती लगभग पूरी तरह बंद हो गयी है। जम्मू कश्मीर में वर्ष 2018 में स्थानीय युवाओं की भर्ती का आंकड़ा 196 तक पहुंच गया था, लेकिन पिछले दो वर्षों में केवल दो कश्मीरी युवक लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुए और इस सप्ताह दोनों मारे गये। कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर में अब कोई भी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी नहीं बचा है। वर्ष 1988 में आतंकवाद शुरू होने के बाद यह पहली बार है, जब घाटी में कोई सक्रिय स्थानीय आतंकवादी नहीं है। इसे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय भट आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी था। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने हाल के वर्षों में स्थानीय युवाओं की आतंकवाद में भर्ती लगभग शून्य होने का श्रेय सुरक्षा बलों को दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में केवल दो कश्मीरी युवक लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुए थे। इनमें से एक उमर निसार सोमवार को मारा गया, जबकि भट बुधवार को मुठभेड़ में मारा गया। स्थानीय युवाओं की आतंकवादी संगठनों भर्ती में आई गिरावट पिछले एक दशक के आंकड़ों से भी स्पष्ट होती है। इन आंकड़ों से आतंकवाद के चरम दौर की तुलना में भर्ती में भारी कमी का पता चलता है। वर्ष 2010 से 2013 के बीच भर्ती का आंकड़ा अपेक्षाकृत कम रहा और हर साल 16 से 54 युवा आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए। इसके बाद वर्ष 2014 में 53 और 2015 में 66 युवा आतंकवादी संगठनों में भर्ती हुए।
वर्ष 2016 में आतंकवादी संगठनों में स्थानीय युवाओं की भर्ती में तेजी से बढ़ोतरी हुई। इसी दौरान हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी का उदय हुआ था और उसी साल जुलाई में उसकी मौत के बाद व्यापक हिंसा और अशांति फैल गई थी। वर्ष 2016 में भर्ती होने वाले युवाओं की संख्या 88 थी, जो 2017 में बढ़कर 126 और 2018 में अपने उच्चतम स्तर 196 पर पहुंच गयी।
इसके बाद के वर्षों में भी भर्ती का आंकड़ा ऊंचा बना रहा। वर्ष 2019 में 143, 2020 में 174, 2021 में 128 और 2022 में 110 युवा आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए। हालांकि, इसके बाद इसमें भारी गिरावट आई और वर्ष 2023 में केवल 22 युवा आतंकवादी संगठनों में शामिल हुए, जबकि 2024 में यह संख्या घटकर महज चार रह गयी।
हालांकि, सक्रिय स्थानीय सूचीबद्ध आतंकवादियों की अनुपस्थिति का यह मतलब नहीं है कि आतंकवाद का खतरा पूरी तरह समाप्त हो गया है। विदेशी आतंकवादी और भूमिगत नेटवर्क अब भी सुरक्षा के लिए चुनौती बने हुए हैं।
पूर्वी 15वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे (सेवानिवृत्त) ने भी इस घटनाक्रम को आतंकवाद का पूरी तरह अंत मानने के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा कि यह खतरा दोबारा उभर सकता है। पूर्वी कोर के पूर्व कमांडर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "बहुत अच्छा काम किया। लेकिन आतंकवादियों की संख्या शून्य होने का दावा करने से बचना चाहिए। यह खतरा तेजी से वापस आ सकता है। पता नहीं ऐसे कितने लोग हैं, जो इस रास्ते पर जाने की कगार पर हैं। हाइब्रिड आतंकवादी हैं। कट्टरपंथी तत्व हैं। यह वायरस अभी मौजूद है, बस दबा हुआ है। इसे कुछ वर्षों में पूरी तरह खत्म करना आसान नहीं है।"
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी इस घटनाक्रम को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नयी दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद निरोधक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि बुधवार को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर भारत में जन्मे आतंकवादियों से मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा, "लश्कर के आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने के साथ ही पूरा कश्मीर भारत में जन्मे आतंकवादियों की मौजूदगी से मुक्त हो गया है। यह स्थिति 35 वर्षों के बाद बनी है।"
Comments