BJP Rajasthan News: कांग्रेस के पापों का प्रायश्चित कर राष्ट्र नायकों का सम्मान कर रहे है पीएम मोदी: जितेंद्र सिंह

भाजपा की विचारधारा सामाजिक समरसता,न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित: मदन राठौड़

Published On

जयपुर, 26 नवंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी की ओर से संविधान गौरव दिवस के अवसर पर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित संगो​ष्ठी में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में बाबा साहब के जीवन के स्मरणों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। 

Jitender-Singh-BJP

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने संविधान गौरव दिवस संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में संविधान गौरव दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है। यह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति भाजपा और उसके विचार परिवार की श्रद्धा, सम्मान और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति के चलते बाबा साहब, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान राष्ट्रनायकों के योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने इन महान विभूतियों को उनका उचित स्थान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो राष्ट्र नायकों को दरकिनार करने का पाप किया, उस पाप का प्रायश्चित के रूप में नरेंद्र मोदी ने पुन: सम्मान देकर उनकी प्रतिष्ठा स्थापना का काम किया है। 

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संसद भवन की सीढ़ियों पर नतमस्तक होकर संविधान को प्रणाम किया और संविधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, सरदार पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सम्मान देना इसी राष्ट्रवादी दृष्टिकोण के उदाहरण हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाने तथा संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए काम किया है। आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन हुआ, लेकिन 1977 में जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद 44वें संविधान संशोधन के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों को मजबूत किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण तथा राज्यों के ओबीसी सूची निर्धारित करने के अधिकार को संविधान संशोधन करके मान्यता प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब से जुड़े महू, नागपुर, लंदन, दिल्ली और मुंबई के पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आज आवश्यकता है कि बाबा साहब के विचारों और संविधान के मूल्यों को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर नई पीढ़ी तक पहुँचाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में जाकर युवाओं को बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और योगदान से परिचित कराएँ। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं सबसे अंत में यह हमारा मूल मंत्र होना चाहिए। 

Jaipur-ConstiTution

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में दिन-रात मेहनत कर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक संविधान दिया। बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। उनके योगदान को देश की प्रत्येक पीढ़ी तक पहुँचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा सदैव सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रही है। बाबा साहब के विचारों को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और नीतियों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। राठौड़ ने महाराजा गायकवाड का स्मरण करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा रही है। डॉ अंबेडकर जैसी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का काम महाराजा गायकवाड़ ने किया, यह हमारी सामाजिक समरसता का प्रतीक है। 

Jaipur-ConstiTution-CM

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक संविधान की भावना के विपरीत कार्य करते हुए संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कमजोर किया। कांग्रेस ने 1975 में अपनी सत्ता बचाने के लिए आपातकाल लगाया गया। इस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का दमन हुआ, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और वाजपेयी, आडवाणी एवं देसाई जैसे वरिष्ठ नेताओं को जेल में बंद किया गया। मीसा और डीआईआर जैसे कानूनों के तहत एक लाख से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर नई पीढ़ी को लोकतंत्र पर हुए इस हमले की याद दिलाने का कार्य किया है।

इसी प्रकार 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुए संविधान के स्मरण के लिए 2015 में मोदी जी ने संविधान गौरव दिवस मनाने की शुरूआत की। सीएम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को भी उनके जीवनकाल में वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे अधिकारी थे। वर्ष 1951-52 और 1954 के चुनावों में उन्हें हराने का पाप किया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास किया गया और उनके जीवन, संघर्ष एवं विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाई गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान की बात करती है, लेकिन उसे अपने इतिहास और अपने आचरण का भी आत्ममंथन करना चाहिए। भाजपा सरकार दुष्प्रचार से विचलित होने वाली नहीं है। कांग्रेस झूठे नेरेटिव फैलाकर कुछ राजनीतिक लाभ ले सकती है, लेकिन जीत सत्य की होती है। अच्छी नियत, अच्छाई और सच्चाई से चलने से संकल्प मजबूत होता है और मजबूत संकल्प की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की साढ़े आठ करोड़ जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। हम ना रूकेंगे, ना झूकेंगे और ना ही डरेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राजस्थान सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए सामाजिक न्याय, समानता, समावेश और जनकल्याण के मूल्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान की गरिमा बनाए रखना और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संविधान की मर्यादा को अपने आचरण में उतारना, राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखना तथा सामाजिक समरसता एवं समानता के मूल्यों को मजबूत करना हम सभी का संकल्प होना चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान मंच पर भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, कार्यक्रम संयोजक प्रो. कैलाश मेघवाल, सह संयोजक सौरभ सारस्वत, सौम्या गुर्जर उपस्थित रही। कार्यक्रम में सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, राव राजेंद्र सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर सहित विभिन्न वर्गों के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts