तीतरवाड़ा में बदमाशों ने घेराबंदी पर युवक को मारी गोली, मौत

ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़कर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंपा, युवक को गोली मारकर ईंख के रास्ते फरार हुआ तीसरा बदमाश

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: गांव तीतरवाड़ा में ग्रामीणों के घेरने पर बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश गांव के ही सद्दाम नामक युवक पर हमला करने के लिए पहुंचे थे। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़कर जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। मृतक युवक के भाई की ओर से घटना की तहरीर दी गई है। 

सोमवार देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश क्षेत्र के गांव तीतरवाड़ा में पहुंचे। जहां पर उन्होंने गांव निवासी सद्दाम पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। सद्दाम घटना के वक्त अपने घर के बाहर खड़ा था। फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण चौकन्ने हो गए और वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने फायरिंग कर रहे बदमाशों को ललकारते हुए घेरने का प्रयास किया, जिस पर बदमाश हवाई फायर करते हुए बाइक से फरार होने लगे। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए भाग रहे बदमाशों को गांव के बाहर स्थित ईदगाह के पास घेर लिया। एक ग्रामीण ने डंडा मारकर बाइक सवार बदमाशों को नीचे गिरा दिया। इसी बीच दो बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोच लिया, जबकि तीसरे बदमाश ने स्वयं को बचाने के लिए तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें तमंचे से निकली गोली गांव के ही तसव्वर(35) नामक युवक के पेट में जा लगी। गोली लगने से युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद, एक बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दो बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी खूब धुनाई की।

घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बदमाशों व उनकी बाइक को अपनी कस्टडी में ले लिया। वहीं, बदमाशों की गोली लगने से घायल हुए युवक तसव्वर को कैराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां पर गम्भीर अवस्था में उसे चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पकड़े गए बदमाशों की पहचान हरियाणा के जनपद पानीपत के गांव बापौली निवासी मुबारिक व कैराना यमुना खादर क्षेत्र के गांव मंडावर निवासी सोनिज के रूप में हुई है। मृतक युवक के भाई सनव्वर ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है, जिसमें फरार बदमाश का नाम ऊंचागांव निवासी गौरव बताया गया है। उधर, पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए दोनों बदमाशों को मंगलवार को जेल भेज दिया।

मंसूरा के बिलाल उर्फ बिल्लू ने भेजे थे तीनों बदमाश

पुलिस के मुताबिक, झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मंसूरा निवासी बिलाल उर्फ बिल्लू कई माह पहले किसी मामले में जेल गया था। इसी दौरान गांव तीतरवाड़ा निवासी सद्दाम के उसकी पत्नी से अनैतिक सम्बन्ध बन गए। जेल से वापिस आने पर बिल्लू को इस बात की भनक लग गई, जिस पर उसने सद्दाम को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। बिल्लू ने ही तीनों बदमाशों को सद्दाम की लोकेशन बताई थी।

हालांकि, मृतक के भाई सनव्वर के द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि वर्ष-2021 में सद्दाम ने बिलाल उर्फ बिल्लू को पुलिस से पकड़वाया था, जिसके बाद वह सद्दाम से रंजिश रखने लगा। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्या के बाद से तसव्वर के पिता मीरहसन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका कहना है कि जैसे मेरे बेटे की हत्या हुई है, वैसे ही बदमाशों को मारा जाए। सरकार मुझे इंसाफ दिलाए।

चार छोटे-छोटे मासूम बच्चों का पिता था तसव्वर

तसव्वर की शादी करीब छह वर्ष पहले शामली में हुई थी। हत्या के बाद उसकी पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। तसव्वर टाइल्स लगाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि तसव्वर के भाई फुरकान की वर्ष-2017 में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। वहीं, पोस्टमार्टम के पश्चात घर पहुंचने पर शाम तक मृतक युवक के शव को सुपुर्द-ए-खाक नही किया गया था। परिजन घटना में कुछ और लोगो के नाम शामिल करने तथा आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार मृतक युवक के परिजनों को समझाने में लगे हुए थे।

 इन्होंने कहा;-

"झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मंसूरा के रहने वाले बिलाल उर्फ बिल्लू के कहने पर उसके तीन साथी तीतरवाड़ा में सद्दाम को मारने के इरादे से पहुंचे थे। जहां ग्रामीणों की घेराबंदी के दौरान एक युवक की बदमाशों की गोली लगने से मौत हो गई। दो बदमाशों को पकड़ लिया गया है। बिलाल व उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।

Kairana News

 

 

About The Author

Related Posts