सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं लाभार्थी: एसडीएम
महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति किया जागरूक
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण हेतु शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए है कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। एसडीएम शिवाजी यादव ने बताया कि पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत पात्र महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता दिए जाने का प्रावधान है। वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत पात्र बालिकाओं को छह श्रेणियों में कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
इसी प्रकार उत्तर-प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले बच्चों की शिक्षा एवं भरण-पोषण के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह दिए जाने का प्रावधान है। स्पॉन्सरशिप योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों की चिकित्सा, शिक्षा एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं के लिए चार हजार रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
महिलाओं की सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर पर अल्पावास, पुलिस सहायता, चिकित्सीय सहायता, काउंसलिंग एवं निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध है। इसके अलावा, 181 महिला हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाओं को 24 घंटे आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
संकटग्रस्त बच्चों की सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन 24 घंटे संचालित है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में ‘तेरे मेरे सपने-विवाह पूर्व संवाद केंद्र’ के माध्यम से विवाह के बंधन में बंधने जा रहे युवक-युवतियों को काउंसलिंग एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।
एसडीएम शिवाजी यादव ने लोगों से आह्वान किया कि वह इन योजनाओं की जानकारी स्वयं प्राप्त करने के साथ ही अपने आसपास के पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक भी पहुंचाएं। लाभार्थी व्यक्ति योजना की शर्तों को पूरा करके सरकारी सहायता का लाभ उठा सकता है।