रोहित गोदारा व लिपिन नेहरा गैंग के छह शूटर गिरफ्तार

दो लोगों की हत्या प्लानिंग और रंगदारी की साजिश को किया नाकाम

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय मेहरा)। Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सोहना ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा गिरोह के छह सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के चार विदेशी पिस्टल समेत सात हथियार, 33 कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी गुरुग्राम सहित हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी और दो हत्या की बड़ी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने दो संभावित हत्याओं को रोक दिया। यह कार्रवाई थाना भोंडसी में 18 अगस्त को दर्ज मामले के तहत दर्ज मामले में की गई।

क्राइम ब्रांच सोहना को सूचना मिली थी कि गैंग के सक्रिय सदस्य बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। इस पर टीम ने जाल बिछाया। 19 अगस्त को अलीपुर मोड़, भोंडसी क्षेत्र से पुलिस ने चार आरोपियों सलीम, मोहित, नरेंद्र उर्फ सोनू और ललित को काबू किया। उनसे पूछताछ के बाद उसी दिन दयाराम को और सोमवार 24 अगस्त को हरियाहेड़ा मोड़ भोंडसी से छठे आरोपी आर्यन उर्फ रितेश को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम निवासी सोहना, मोहित निवासी अलीगढ़, नरेंद्र उर्फ सोनू निवासी अलीपुर सोहना, ललित निवासी रानियावास, कोटकासिम अलवर, दयाराम निवासी बिलासपुर गुरुग्राम और आर्यन  निवासी जटवाड़ा जिला झज्जर के रूप में हुई है।

विरोधी गैंग के दो लोगों की हत्या की थी साजिश

आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष के दो व्यक्तियों की हत्या करने की फिराक में थे। वे अवैध हथियारों से लैस होकर वारदात की तैयारी कर रहे थे, लेकिन क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में असलहा बरामद किया है। इसमें चार विदेशी पिस्टल, दो इंडियन पिस्टल, एक राइफल, 33 जिंदा कारतूस, नौ मैगजीन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी शामिल है। 

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त में रोहित गोदान, लिपिन नेहरा गैंग के शूटर।

About The Author

Related Posts