दो दिवसीय स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप का समापन
विधायक देवेंद्र ने विजेताओं को मेडल देकर किया सम्मानित
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: शहर के नगरपालिका स्टेडियम में चल रही दो दिवसीय 12वीं एनसीआर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का समापन हुआ। स्कूल गेम्स डेवलपमेंट फाउंडेशन, हरियाणा की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में सोनीपत, गन्नौर, भिवानी, गुरुग्राम, करनाल, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पानीपत, कुरुक्षेत्र और अंबाला सहित विभिन्न जिलों के करीब 150 लड़के-लड़कियों ने हिस्सा लिया। मुकाबलों में एक-एक अंक के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दमदार पंच और फुर्तीले मूवमेंट पर दर्शकों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह में विधायक देवेंद्र कादियान मुख्यातिथि रहे। उन्होंने रिंग में पसीना बहाकर जीत हासिल करने वाले मुक्केबाजों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कादियान ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों से जोड़ना जरूरी है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना सिखाते हैं। मैदान में सक्रिय रहने वाला युवा नशे और गलत संगत से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकता है। ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर मंच और सुविधाएं देने की है।
ये रहे प्रमुख पदक विजेता:
इशांत-सिल्वर, रुद्र-गोल्ड, अंशी-गोल्ड, पंकज-ब्रांज, वीर-गोल्ड, प्रवेश-गोल्ड, रिंकी-ब्रांज, रिया-गोल्ड, भावना-सिल्वर, लक्ष्य-ब्रांज, पुष्पेंद्र-गोल्ड, गुरदीप-सिल्वर, खुशी-गोल्ड, सिया-गोल्ड और वंश-गोल्ड समेत अन्य खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीते।
