प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से खिलाड़ियों से किया संवाद

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से खिलाड़ियों से किया संवाद

Published On

सोनीपत, सच कहूं। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री  ने भारत में खेलों के भविष्य, युवा खिलाड़ियों की भूमिका, खेलों के विस्तार तथा देश को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में देश को अधिक से अधिक खेल विधाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

प्रधानमंत्री ने ओलंपिक में शामिल विभिन्न खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ओलंपिक में बड़ी संख्या में खेल एवं स्पर्धाएं होती हैं, लेकिन भारत अभी भी कई ऐसी खेल विधाओं में भागीदारी नहीं करता। उन्होंने कहा कि जब हम किसी खेल में भाग ही नहीं लेते, तो उस खेल में पदक की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। ऐसे में भविष्य की रणनीति के तहत उन खेलों के खिलाड़ियों को भी आवश्यक व्यवस्था, प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिनमें भारत ने अब तक अपेक्षाकृत कम भागीदारी की है। इससे देश की विभिन्न खेल विधाओं में उपस्थिति बढ़ेगी और भविष्य में अधिक पदक जीतने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

उन्होंने वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक आयोजित होने की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में तैयारियां और योजनाएं पहले से ही शुरू की जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से देश के खेल भविष्य को नई दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने डोपिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को डोपिंग के कारण होने वाले नुकसान तथा इसके संभावित व्यक्तिगत, खेल संबंधी और भविष्यगत परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने खिलाड़ियों से स्वच्छ एवं नैतिक खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता श्री सुमित अंतिल, एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुश्री सरिता मोर तथा राई विधानसभा के मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रतिनिधि श्री शिव कुमार उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के समस्त शिक्षण, कोचिंग एवं प्रशासनिक स्टाफ की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रही।

About The Author

Related Posts