चाय विक्रेता से मारपीट, धारदार हथियार से हमले का प्रयास
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी तहरीर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: चाय विक्रेता के साथ में मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना से संबंधित वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी आसिफ ने पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि वह कस्बे के इस्सापुर खुरगान रोड पर चाय की दुकान चलाकर अपनी रोजी-रोटी कमाता है। आरोप है कि विगत 25 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे एक अज्ञात युवक उसकी दुकान पर आया और सिगरेट मांगी।
इसके बाद, युवक दुकान के गल्ले में रखी नकदी मांगने लगा। इस पर उसने आरोपी युवक को वहां से चले जाने के लिए कहा। इसी बात पर युवक ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ में मारपीट शुरू कर दी और उसे दुकान से बाहर तक पीटते हुए ले आया। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने अपनी जेब से धारदार हथियार निकालकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर उसे बचाया।
आरोप है कि लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर युवक गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। वहीं, दुकानदार से मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।