पारिवारिक विवाद में शख्स ने 6 महीने के मासूम बेटे को फर्श पर पटककर मार डाला

पारिवारिक विवाद में शख्स ने 6 महीने के मासूम बेटे को फर्श पर पटककर मार डाला

Published On

हजारीबाग (एजेंसी)। Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक शख्स ने अपने ही छह महीने के मासूम बेटे की फर्श पर पटककर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव में एक परिवार में सास और बहू के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान आरोपी आकाश कुमार वहां पहुंचा। सास-बहू के झगड़े से उग्र होकर आकाश ने कमरे में सो रहे अपने छह महीने के बेटे अंश कुमार को उठा लिया और घर के पीछे बने कुएं के पास ढलाई वाले पक्के फर्श पर पटक दिया।

सिर पर गंभीर चोट लगने से मासूम लहूलुहान हो गया। आरोप है कि घटना के बाद बच्चे की मां निराली कुमारी ने अपने पति से बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने इलाज कराने से इनकार कर दिया।

इसके बाद मां खुद बच्चे को लेकर हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मृत बच्चे की मां ने कटकमसांडी थाने में अपने पति के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Hazaribagh News

About The Author

Related Posts