Road Accident: दवाई लेकर लौट रहे स्कूटी सवार बुजुर्ग को तेज रफ्तार कैंटर ने मारी टक्कर, मौत

नेशनल हाइवे-709एड़ी पर स्थित ग्राम मन्नामाजरा के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, बुजुर्ग की मौत से चार बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: शामली से दवाई लेकर स्कूटी से घर लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की नेशनल हाइवे पर गांव मन्नामाजरा के सामने तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के मृतक बुजुर्ग के शव को अपने साथ ले गए है। 

यमुना खादर क्षेत्र के गांव मौहम्मदपुर राई निवासी महबूब बुधवार को शामली स्थित चिकित्सक के यहां से दवाई लेकर स्कूटी से घर वापिस लौट रहा था। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह नेशनल हाइवे-709एड़ी पर स्थित गांव मन्नामाज़रा के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आये तेज रफ्तार कैंटर ने बुजुर्ग की स्कूटी में टक्कर मार दी। कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग गम्भीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। कैंटर की टक्कर से स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सहायता से हादसे में घायल बुजुर्ग को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पर पहुंचाया गया।

जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पर क्रिटिकल कॉरिडोर(सीसी) प्रभारी एसआई दुर्गपाल सिंह टीम के साथ में अस्पताल में पहुंचे तथा घटना की जानकारी हासिल की। उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक बुजुर्ग के रोते-बिलखते परिजन अस्पताल में पहुंचे। बाद में परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के मृतक के शव को अपने साथ लेकर चले गए। बुजुर्ग की मौत से चार बेटों और एक बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है। हादसे में बुजुर्ग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Kairana News

About The Author

Related Posts