इंदिरापुरम में मुठभेड़ के बाद स्नैचर गिरफ्तार 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की अपाचे बरामद

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मंगलवार को तिकौना पार्क और सेक्टर-62 कट के पास मुठभेड़ के दौरान एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की अपाचे बाइक, 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य  के अनुसार, तिकौना पार्क-सेक्टर-62 कट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान गौर ग्रेविटी मॉल की ओर से बाइक सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर सेक्टर-62 की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज उर्फ असलम उर्फ आडे, निवासी नांगलोई, दिल्ली बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथी संजय शर्मा निवासी नांगलोई के साथ मिलकर दिल्ली-गाजियाबाद और एनसीआर में बाइक की नंबर प्लेट बदलकर स्नैचिंग की वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपी ने करीब 15 दिन पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में भी स्नैचिंग की घटना करने की बात कबूल की है।  थाना प्रभारी अजय चौधरी  के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंदिरापुरम थाना पुलिस शामिल रही।

About The Author

Related Posts