कंटेनर से टकराई निजी बस, मची अफरा-तफरी, 5 यात्रियों की दर्दनाक मौत
तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में प्राइवेट बस के साथ हुआ हादसा, 20 घायल
Telangana Bus Accident: सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडाड मंडल क्षेत्र में हुआ। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। Telangana Accident News
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे दुर्गापुरम स्टेज के पास हुई। हैदराबाद से विजयवाड़ा की ओर जा रही निजी बस आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से जा भिड़ी। हादसे के समय बस में लगभग 42 यात्री सवार थे।
कंटेनर से टकराने के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला गया। हालांकि, पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। Telangana Accident News
गंभीर घायलों को विजयवाड़ा भेजा गया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए विजयवाड़ा रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
सूर्यापेट हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के कंटेनर से पीछे से टकराने की बात सामने आई है। Telangana Accident News