आदर्श स्कूलों के शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक वृद्धि को मंजूरी: सीएम भगवंत मान
इस फैसले से करीब 1,100 शिक्षकों को मिलेगा लाभ
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) ने मंगलवार को राज्य के आदर्श स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इस फैसले से करीब 1,100 शिक्षकों को लाभ मिलेगा और उनका मासिक वेतन लगभग 10,000 रुपए से बढ़कर 22,000 रुपए से अधिक हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और पंजाब के भविष्य को आकार देने वाले शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन और बेहतर सेवा सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षकों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और प्रत्येक विद्यार्थी का भविष्य सुरक्षित करने की शुरुआत शिक्षकों को सशक्त बनाने से होती है।
सीएम मान ने शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशकों से ये शिक्षक कम वेतन के बावजूद पूरी लगन से सेवाएं दे रहे हैं। हमारी सरकार ने इस लंबे समय से चली आ रही विसंगति को दूर करते हुए उनके वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक वृद्धि करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए वेतन के अलावा शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालयों के पैटर्न के आधार पर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी सेवा शर्तों में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के इन सीबीएसई से संबद्ध आदर्श स्कूलों में वर्तमान में 15,000 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सरकार विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक आर्थिक रुप से सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेंगे तो वे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर सकेंगे। सरकार की प्राथमिकता इन शिक्षकों के हितों की रक्षा करना है, ताकि इन स्कूलों में पढ़ने वाले प्रत्एक बच्चे का भविष्य सुरक्षित हो सके। बैठक में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, स्कूल शिक्षा सचिव सोनाली गिरि और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
पंजाब में चीनी की कोई कमी नहीं
सीएम मान ने मंगलवार को कहा कि राज्य में चीनी की कोई कमी नहीं है और सरकार इसके स्टॉक, बिक्री तथा आपूर्ति पर नियमित निगरानी रख रही है। उन्होंने अधिकारियों को चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम मान ने कहा कि पंजाब में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और अधिकारियों को हर समय पर्याप्त स्टॉक बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चीनी प्रत्येक परिवार की जरुरत की आवश्यक वस्तु है और इसकी उपलब्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। सीएम मान ने चीनी मिलों में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चीनी के लिए निर्धारित स्टॉक सीमा को सख्ती से लागू करने तथा खाद्य स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर पंजीकरण और साप्ताहिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने थोक उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित चीनी स्टॉक सीमा को भी प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
