Supaul Road accident: भजन-कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, 5 की मौत
बिहार के सुपौल में बपरा दर्दनाक हादसा
सुपौल (एजेंसी)। बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई पर झूलन पूजा के दौरान कीर्तन कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। Bihar Accident News
बताया जा रहा है कि कटैया चौक के समीप बजरंगबली मंदिर के पास कुछ लोग झूलन पूजा के अवसर पर सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज गति से आ रहा चार पहिया वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और वहां मौजूद लोगों को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर तक आगे जाने के बाद सड़क किनारे स्थित एक दुकान से जा टकराया। हादसा होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
पांच लोगों की मौके पर मौत | Bihar Accident News
दुर्घटना में तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक कटैया पंचायत क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पिपरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन अनियंत्रित क्यों हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। देर रात जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पांच लोगों की मौत के बाद इलाके में ग्रामीणों के बीच आक्रोश का माहौल है। Bihar Accident News
अतिक्रमण हटाने की मांग
ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बढ़ते अतिक्रमण और अस्थायी दुकानों को हादसों की एक बड़ी वजह बताया है। उनका कहना है कि सड़क के किनारे अवैध कब्जे और दुकानें होने से यातायात प्रभावित होता है तथा वाहन चालकों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। ग्रामीणों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे मौजूद अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा दुर्घटनाओं को रोका जा सके। Bihar Accident News