Rajasthan News: राजस्थान के कृषि मंत्री स्वाइन फ्लू से संक्रमित, आईसीयू में भर्ती
प्रदेश में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामले
Kirodi lal Meena Hospitalised: जयपुर। राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के स्वाइन फ्लू यानी H1N1 इन्फ्लूएंजा से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार देर रात जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। Rajasthan News
अस्पताल में मंत्री को मेडिकल आईसीयू के बेड नंबर 2 पर रखा गया है। संक्रमण को देखते हुए संबंधित बेड को सील कर दिया गया है और मरीज तथा स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। कृषि मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनसे फोन पर बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने डॉ. मीणा के भाई जगमोहन से भी उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी को मंत्री को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से उनकी स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष चिकित्सकीय टीम लगाई गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने भी लिया अपडेट
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खिंवसर ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वाइन फ्लू सहित मौसमी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की। इसी दौरान उन्हें कृषि मंत्री के संक्रमित होने की जानकारी मिली। उन्होंने डॉ. किरोड़ीलाल मीणा से फोन पर बातचीत कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए कृषि मंत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 के शुरुआती 15 दिनों में राजस्थान में H1N1 के 129 मामले दर्ज किए गए।
पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या केवल 16 थी। इस तरह पिछले साल की तुलना में संक्रमण के मामलों में करीब आठ गुना वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस वर्ष अब तक राजस्थान में H1N1 संक्रमण से किसी मौत की सूचना नहीं मिली है। पड़ोसी राज्यों दिल्ली और उत्तर प्रदेश में फ्लू के मामलों में वृद्धि के बाद राजस्थान में भी स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। Rajasthan News
अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इनमें आइसोलेशन बेड, उपचार संबंधी सुविधाओं और जरूरी चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में सामने आ रहे H1N1 संक्रमण को मौसमी इन्फ्लूएंजा के सामान्य पैटर्न से जोड़ा जा रहा है।
फिलहाल इसे किसी नए वायरस या नए स्ट्रेन के प्रसार के रूप में नहीं देखा जा रहा है। हालांकि मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए निगरानी और स्वास्थ्य व्यवस्था को तैयार रखना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कृषि मंत्री के स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। उनके समर्थक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। Rajasthan News