तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, अधेड़ की मौके पर मौत

रिश्तेदार से मिलकर लौटते समय दर्दनाक सड़क हादसे में गई जान

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे पिकअप वाहन ने मोटर साइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटर साइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

टाउन थाना पुलिस ने मृतक के ससुर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र के गांव मसीतांवाली के वार्ड नंबर 1 निवासी 61 वर्षीय भूपसिंह पुत्र ख्यालीराम जाट अपने साथ रिश्तेदार राजेन्द्र कुमार निवासी नथौर पीएस रानिया जिला सिरसा, हरियाणा को लेकर हनुमानगढ़ टाउन थाने पहुंचे और रिपोर्ट पेश की।

रिपोर्ट में बताया गया कि उनका दामाद बलविंद्र सिंह (41) पुत्र बलदेव सिंह निवासी नथौर तहसील रानिया जिला सिरसा, 24 अगस्त को अपनी मोटर साइकिल से 42 एसएसडब्ल्यू, हनुमानगढ़ में अपने रिश्तेदार से मिलने गया था। बलविंद्र सिंह वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पिकअप वाहन नंबर पीबी 22 जेड 6727 के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उसकी मोटर साइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलविंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मृतक का शव राजकीय जिला अस्पताल, हनुमानगढ़ टाउन की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने पेश की गई रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से दुर्घटना के बाद फरार हुए पिकअप चालक की तलाश और मामले की जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts