Hanumangarh News: संपत्ति विवाद में 79 वर्षीय पिता और पोती से मारपीट का आरोप
छोटे बेटे पर धक्का-मुक्की और पोती को थप्पड़ मारने का आरोप, बुजुर्ग के दोनों हाथों पर चोट
Property dispute: हनुमानगढ़। न्यू सिविल लाइंस क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर 79 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने छोटे बेटे पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग का कहना है कि आरोपी बेटे ने उसके साथ धक्का-मुक्की कर उसे नीचे गिरा दिया, जिससे दोनों हाथों पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई पोती के कान पर थप्पड़ मारने और उसके साथ खींचतान करने का भी आरोप है। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार न्यू सिविल लाइंस, हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी जोगेन्द्र सिंह (79) पुत्र अजमेर सिंह ने थाने में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि उनके दो बेटे जगमीत सिंह और अमनदीप सिंह हैं। बड़ा बेटा जगमीत सिंह अधिवक्ता है, जबकि वह छोटे बेटे अमनदीप सिंह के साथ रह रहे हैं।
जोगेन्द्र सिंह के अनुसार संपत्ति को लेकर छोटे बेटे अमनदीप सिंह का बड़े भाई से विवाद है। उन्होंने बताया कि एक मकान और प्लॉट पहले ही अमनदीप सिंह के नाम कर दिया गया है, जबकि उनके नाम एक अन्य कोठी है, जिसे अमनदीप अपने नाम करवाना चाहता है। इसी बात को लेकर उसका व्यवहार लगातार खराब होता जा रहा है। Hanumangarh News
रिपोर्ट के अनुसार घटना के दिन जोगेन्द्र सिंह अपने बड़े बेटे जगमीत सिंह की बेटी हरनूर कौर के साथ कार लेने पहुंचे थे। आरोप है कि अमनदीप सिंह और उसकी पत्नी ने करीब आधे घंटे तक गैरेज की चाबी नहीं दी। बाद में चाबी लेकर अमनदीप वहां आया और दोनों को धूप में खड़ा रखा।
जोगेन्द्र सिंह के अनुसार जब उनकी पोती हरनूर कौर ने जल्दी जाने की बात कही तो अमनदीप ने उसे शटर को लेकर टोका। पोती कार बाहर निकालने लगी तो आरोपी ने उसे कार से खींचकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद जोगेन्द्र सिंह खुद कार निकालने लगे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और उन्हें खींचकर नीचे गिरा दिया गया। Hanumangarh News
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पोती अपने दादा को बचाने के लिए बीच में आई तो अमनदीप ने उसके कान पर जोर से थप्पड़ मारा और उसके साथ खींचतान की, जिससे वह नीचे गिर गई। पोती की कलाई में चोट लगने तथा कान में दर्द होने की बात रिपोर्ट में कही गई है। जोगेन्द्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उनका छोटा बेटा पहले भी उनके साथ धक्का-मुक्की कर चुका है और धमकियां देता रहा है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक गायत्री चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।