Mahoba incident: महोबा में मूसलाधार बारिश बनी काल, मकान ढहने से बुजुर्ग दंपति की मौत

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में लगातार हो रही तेज मूसलाधार बारिश

Published On

महोबा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव में एक पक्का मकान अचानक ढह गया। मकान के मलबे में दबने से बुजुर्ग दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। मलबे में फंसे अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। Mahoba incident

सिजहरी गांव निवासी 80 वर्षीय चतुर्भुज अपनी पत्नी बुधिया के साथ मकान के एक हिस्से में सो रहे थे। इसी दौरान लगातार हो रही तेज बारिश के बीच देर रात अचानक मकान का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। दोनों बुजुर्ग मलबे में दब गए। मकान के दूसरे हिस्से में उनका बेटा, बहू और पांच वर्षीय नातिन मौजूद थे। हादसे के दौरान वे बाल-बाल बच गए। हालांकि बच्ची को मामूली चोट लगने की जानकारी सामने आई है। मकान गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

पुलिस ने ग्रामीणों के साथ चलाया रेस्क्यू | Mahoba incident

चरखारी क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। बुजुर्ग दंपति चतुर्भुज और बुधिया को मलबे से निकालने के बाद एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल महोबा भेजा गया। डॉक्टरों ने दोनों का  उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। Mahoba incident

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मलबे में फंसे अन्य चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बुजुर्ग दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बुधवार को पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। लगातार बारिश के बीच मकान गिरने की इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और बारिश से प्रभावित मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से भी बारिश के दौरान कमजोर भवनों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

About The Author

Related Posts