सरकारी रास्ते की पैमाइश पर लेखपाल से नोकझोंक, वीडियो वायरल

विक्रांत नामक युवक ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से डीएम समेत उच्चाधिकारियों को भेजी शिकायत

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव पावटीकलां में सरकारी रास्ते पर कथित अतिक्रमण की पैमाइश को लेकर युवक और क्षेत्रीय लेखपाल के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में युवक विक्रांत ने जिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारियों को शिकायत प्रेषित कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, किसी निष्पक्ष राजस्व अधिकारी की निगरानी में सरकारी अभिलेखों के आधार पर रास्ते की पैमाइश कराने की मांग की है।

पावटीकलां निवासी विक्रांत के द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, गांव के सरकारी रास्ते की भूमि खसरा संख्या-111 की निर्धारित चौड़ाई कथित अतिक्रमण के कारण कम हो गई है। आरोप है कि खसरा संख्या-110 की ओर से बनाई गई दीवार सरकारी रास्ते की भूमि की तरफ बढ़ाकर खड़ी की गई है। विगत 25 अगस्त को शिकायत के निस्तारण के सिलसिले में क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान युवक ने लेखपाल से खसरा संख्या-110 व 111 की राजस्व अभिलेखों के आधार पर पैमाइश कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इसी दौरान युवक व लेखपाल के बीच नोकझोंक हो गई।

युवक का आरोप है कि लेखपाल ने उसकी मौजूदगी में पैमाइश करने से साफ इनकार कर दिया। मौके पर हुई बातचीत और नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। विक्रांत ने सवाल उठाया कि यदि सरकारी रास्ता राजस्व अभिलेखों के अनुरूप पूरी चौड़ाई में कायम है तो मौके पर पैमाइश कर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जा रही है? युवक ने जिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर लेखपाल की कार्यप्रणाली की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा, संबंधित लेखपाल को प्रकरण से अलग कर किसी निष्पक्ष राजस्व निरीक्षक अथवा नायब तहसीलदार की निगरानी में खसरा संख्या-110 व 111 की पैमाइश कराने का अनुरोध किया है, ताकि अभिलेखों और मौके की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

Kairana News
Kairana News: सरकारी रास्ते की पैमाइश पर लेखपाल से नोकझोंक, वीडियो वायरल

About The Author

Related Posts