तसव्वर के शव को दफनाने से परिजनों का इनकार, कोतवाल के समझाने पर माने 

तसव्वर के शव को दफनाने से परिजनों का इनकार, कोतवाल के समझाने पर माने 

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव तीतरवाड़ा में सोमवार रात्रि बदमाशों की गोली का शिकार हुए युवक तसव्वर का शव भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिजन गांव के दो लोगों पर घटना की साजिश में शामिल होने का आरोप लगा रहे है। उन्होंने घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही होने तक शव के अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था। हालांकि बाद में पुलिस के काफी समझाने पर परिजनों ने मृतक युवक के शव को दफना दिया।

विगत सोमवार देर रात्रि क्षेत्र के गांव तीतरवाड़ा में सद्दाम नामक युवक की हत्या करने पहुंचे बाइक सवार तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने घेर लिया था। इसी दौरान एक बदमाश द्वारा तमंचे से चलाई गई गोली से युवक तसव्वर(35) गम्भीर रूप से घायल हो गया था। ग्रामीणों ने दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया था, जबकि एक बदमाश ईंख के खेत से होकर फरार हो गया था। ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों बदमाशों को मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया था। वहीं, बदमाशों की गोली से घायल हुए युवक तसव्वर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया था।

पोस्टमार्टम के पश्चात मृतक युवक का शव गांव में पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने घटना की साजिश में गांव के ही दो लोगो को शामिल होने की बात कहते हुए शव को सुपुर्द-ए-खाक करने से मना कर दिया था। बाद में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार व तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी एसआई पवन चौधरी परिजनों के बीच पहुंचे। उनके समझाने-बुझाने एवं आरोपों की जांच करके कार्यवाही के आश्वासन पर परिजन शव को दफनाने के लिए तैयार हुए। इसके बाद, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तसव्वर के शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

Kairana News (6)

About The Author

Related Posts