मृतक कंडक्टर के परिजनों को सौंपा 65.50 लाख का चैक

मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर पीआरटीसी के सभी कर्मचारी बीमा योजना के तहत कवर: पन्नू

Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी), पटियाला के मुख्य कार्यालय में बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू, पीआरटीसी चेयरमैन हरपाल जुनेजा और एमडी मनीषा राणा ने पीआरटीसी पटियाला डिपो के मृतक कंडक्टर सतपाल सिंह के परिवार के साथ दुख साझा करते हुए उनके परिजनों को 65.50 लाख रुपये का चेक सौंपा। पन्नू ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब सरकार और इसके संस्थान ड्यूटी के दौरान होने वाले हादसों को ध्यान में रखते हुए अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण तथा वित्तीय संकटों से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

इसी के तहत पीआरटीसी की ओर से यह कदम उठाते हुए अपने कर्मचारियों के परिवारों का दुख समझते हुए मृतक कंडक्टर के परिजनों को 65.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी के सभी कर्मचारी इस योजना के तहत कवर होते हैं। चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के मार्गदर्शन और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीआरटीसी की ओर से अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की बेहतरी के लिए किसी दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में परिजनों को आर्थिक सहायता देने संबंधी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीआरटीसी पटियाला डिपो में कार्यरत कंडक्टर सतपाल सिंह की वर्ष 2025 में एक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी।

उन्होंने कहा कि पीआरटीसी के कर्मचारी उनके परिवार का हिस्सा हैं, इसलिए भविष्य में कंडक्टर के परिवार को किसी भी प्रकार की जरूरत पड़ने पर वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने बताया कि मृतक सतपाल सिंह के परिवार को पीआरटीसी और पंजाब एंड सिंध बैंक के बीच हुए समझौते के तहत कॉरपोरेट बीमा शर्तों के अनुसार 65.50 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इसका उद्देश्य दुख की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस अवसर पर पीआरटीसी के एएमडी नवदीप कुमार, जीएम पटियाला डिपो जतिन्द्रपाल सिंह ग्रेवाल, डीसीएफए राजेश कुमार, जीएम मनिंदरपाल सिंह सिद्धू और अमनवीर सिंह टिवाणा के अलावा पंजाब एंड सिंध बैंक की वरिष्ठ अधिकारी उपासना धार (आरएम), सुखविन्द्रजीत सिंह (डीआरएम), विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि और पीआरटीसी कर्मचारी उपस्थित रहे।

पीआरटीसी हर सुख-दुख की घड़ी में हमेशा अपने कर्मचारियों के साथ: मनीषा राणा

वहीं पीआरटीसी की एमडी मनीषा राणा ने बताया कि मृतक कंडक्टर के परिजनों को 40 लाख रुपये की बीमा राशि और बच्चों की पढ़ाई के लिए 18 लाख रुपये की वित्तीय सहायता के अलावा परिजनों को हर माह ईएसआई/ईपीएफ से पेंशन की सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी हर सुख-दुख की घड़ी में अपने कर्मचारियों के साथ खड़ी है।

Patiala News
Patiala News: बलतेज सिंह पन्नू, चेयरमैन जुनेजा और एमडी राणा पीआरटीसी के मृतक कंडक्टर के परिजनों को चेक सौंपते हुए।

About The Author

Related Posts