Electric Shock: झूलती खुली विद्युत तारों से बालक को लगा करंट, टला बड़ा हादसा

गणपति कॉलोनी का मामला, लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग

Published On

हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 27 स्थित गणपति कॉलोनी में विद्युत पोल पर झूल रही खुली तारों ने एक बालक की जान जोखिम में डाल दी। खेलते समय तार के संपर्क में आने से बालक को करंट लग गया। गनीमत रही कि बालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद परिजनों और कॉलोनीवासियों में रोष फैल गया। वार्डवासियों ने कॉलोनी के रख-रखाव का जिम्मा संभाल रहे व्यक्ति पर सूचना देने के बावजूद लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। Hanumangarh News

इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र सौंपा गया है। पूर्व वार्ड पार्षद भूपेन्द्र नेहरा ने बताया कि गणपति कॉलोनी की सार-संभाल एवं रख-रखाव का कार्य भूषण नामक व्यक्ति की ओर से किया जाता है। इसके लिए कॉलोनीवासियों से शुल्क भी लिया जाता है। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को कॉलोनी निवासी सतपाल पुत्र दौलतराम का पोता घर के आगे गली में खेल रहा था। खेलते समय वह विद्युत पोल पर झूल रही खुली तारों के संपर्क में आ गया, जिससे उसे करंट लग गया। 

भूपेन्द्र नेहरा के अनुसार, गनीमत रही कि बालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद बालक के दादा सतपाल ने कॉलोनी की देखरेख करने वाले भूषण को इसकी जानकारी देते हुए खुली विद्युत तारों को ढकवाने की मांग की। आरोप है कि इस पर भूषण ने समस्या का समाधान करने के बजाय सतपाल से ही कथित तौर पर लड़ाई-झगड़ा करना शुरू कर दिया तथा पानी की सप्लाई बंद करने की धमकी दी।

घटना से आक्रोशित वार्डवासियों ने टाउन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही विद्युत पोल पर झूल रही खुली तारों को तत्काल दुरुस्त करवाकर भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोकने की मांग की। इस मौके पर पवन मौर्य सहित कई अन्य वार्डवासी मौजूद रहे। Hanumangarh News

About The Author