Delhi Murder Case: 21 वर्षीय छात्रा व मॉडल की हत्या के आरोपी जिम ट्रेनर का भागते हुए का CCTV फुटेज वायरल
रिसेप्शनिस्ट बोली- इमरान ने लड़की को एक दो बार परेशान किया था
Tilak Nagar Murder: नई दिल्ली (एजेंसी)। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की कथित हत्या के मामले में एक नया CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी जिम ट्रेनर इमरान को इलाके से तेजी से जाते हुए कैमरे में देखा गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। बताया जा रहा है कि बुधवार को मुस्कान अपने घर की दूसरी मंजिल पर अकेली थी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगाल रही है। Delhi Murder Case
वारदात के बाद तेजी से जाता दिखा आरोपी
सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति को घटनास्थल से जल्दी-जल्दी निकलते हुए देखा जा सकता है। पुलिस इस फुटेज की जांच कर रही है और आरोपी की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी घर तक कैसे पहुंचा और वारदात के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।
जिम की रिसेप्शनिस्ट डिंपल ने बताया कि इमरान पहले उसी जिम में काम करता था, जहां मुस्कान व्यायाम के लिए जाती थी। उनके अनुसार, इमरान के व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद उसे करीब दो महीने पहले नौकरी से हटा दिया गया था। डिंपल का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर मुस्कान को परेशान करने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे समझाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्कान और इमरान के बीच किसी तरह के व्यक्तिगत संबंध की जानकारी उन्हें नहीं थी। Delhi Murder Case
चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसी
पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान मदद के लिए चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्कान को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी। Delhi Murder Case