Bus-Auto Accident: प्राइवेट बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर के बाद मची चीख-पुकार,
आंध्र प्रदेश के पलनाडू का दर्दनाक हादसा, 7 लोगों की मौत, 4 बच्चों सहित 8 लोग घायल
Bus-Auto Accident: अमरावती। आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों में छह महिलाएं शामिल हैं। यह हादसा चिलकालूरिपेट क्षेत्र में अड्डा रोड के पास उस समय हुआ, जब एक प्राइवेट बस और ऑटो-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। Palnadu Accident News
पुलिस के अनुसार, विजयवाड़ा से तिरुपति की ओर जा रही एक निजी यात्री बस ने यात्रियों से भरे ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि ऑटो में सवार लोग चिलकालूरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के निवासी थे। वे प्रकाशम जिले के कोंडामांजुलुर गांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद इलाज के दौरान गुंटूर सरकारी जनरल अस्पताल में दो और चिलकालूरिपेट सरकारी अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
हादसे में चार बच्चों समेत आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए गुंटूर और चिलकालूरिपेट के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। पुलिस ने मृतकों की पहचान बोंटू बाबू (62), बोंटू मानेम्मा (55), संपूर्णम्मा (70), गंगम्मा (50), लक्ष्मम्मा (75), चौतुपल्ली स्वार्थम्मा (45) और मारियम्मा (45) के रूप में की है। Palnadu Accident News
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को आवश्यक और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन से घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने पलनाडू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से हादसे और राहत कार्यों की जानकारी ली।
गृह मंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना के हर पहलू की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच में बस की रफ्तार, चालक की संभावित लापरवाही और हादसे के अन्य कारणों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। Palnadu Accident News