Sirsa News: कुताना माइनर समेत तीन नहरों पर चला पीला पंजा, कार्रवाई जारी

टेल तक पानी पहुंचाने के लिए नहरों पर कार्रवाई, अवैध मोगियां तोड़ी

Published On

नाथूसरी चौपटा, (सच कहूँ/भगत सिंह)। टेल तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत और नहराना हेड पर ग्रामीणों के छह दिन चले धरने के बाद आखिरकार सिंचाई विभाग ने अवैध मोगियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से कुताना माइनर, बरूवाली नहर और नोहर फीडर नहर पर बनी अवैध मोगियों को तोड़ने का अभियान चलाया। Sirsa News

विभाग के अनुसार अब तक करीब 50 फीसदी अवैध मोगियां तोड़ी जा चुकी हैं, जबकि बाकी पर भी कार्रवाई जारी है। नहरों में पानी का समान वितरण नहीं होने और टेल तक पानी नहीं पहुंचने से परेशान जमाल गांव के ग्रामीणों ने नहराना हेड पर धरना शुरू किया था। छह दिन बाद सिंचाई विभाग के आला अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था।

सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप माथूर ने अवैध मोगियां तोड़ने के लिए टीम गठित की। एसडीओ के नेतृत्व में विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। बुधवार को टीम ने कुताना माइनर, बरूवाली नहर और नोहर फीडर नहर पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अवैध मोगियां तोड़ीं। कार्यकारी अभियंता संदीप माथूर ने बताया कि तीनों नहरों और माइनर पर बनी अवैध मोगियों को हटाने का काम जारी है। Sirsa News

ग्रामीणों ने रखी थीं कई मांगें

समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा ने बताया कि धरने के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों के सामने कई मांगें रखी थीं। इनमें कुताना माइनर, जमाल माइनर, बरूवाली नहर और नोहर फीडर नहर पर बनी अवैध होदियां तोड़ना, जमाल गांव में दोनों माइनरों की टेल तक पूरा पानी पहुंचाना और पानी चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना शामिल था। इसके अलावा नहरों के आउटलेट ठीक करने, हंजीरा गांव में कुताना माइनर से कूड़ा-कचरा हटाने, माइनर के दोनों तरफ मिट्टी लगवाने और छह पुलों को ऊंचा करने की मांग भी रखी गई थी।  ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने अब इन मांगों पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे टेल तक पानी पहुंचने की उम्मीद जगी है। Sirsa News

About The Author

Related Posts