Pitbull Dog: पिटबुल कुत्ते को हड़काने पर युवक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
पिटबुल कुत्ते को हड़काने पर युवक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव मवी में पिटबुल कुत्ते को हड़काने पर युवक के साथ में मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मारपीट के आरोपी युवक को शांति भंग होने की आशंका में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव मवी निवासी विकास नामक युवक ने प्रतिबंधित प्रजाति पिटबुल कुत्ता पाल रखा है। बुधवार को युवक द्वारा पाला गया पिटबुल कुत्ता गांव के ही बिट्टू उर्फ सुनील को भौंकने लगा, जिस पर उसने कुत्ते को हड़का दिया। आरोप है कि इस पर कुत्ता स्वामी विकास आग-बबूला हो गया और युवक बिट्टू उर्फ़ सुनील के साथ में गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगा। मामले की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची तथा आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
वहीं, एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपद में लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विवाद एवं फसाद की स्थिति उत्पन्न करने वाले लोगो के विरुद्ध लगातार प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिसके चलते पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी युवक विकास के विरुद्ध लोक शांति भंग होने की आशंका में धारा-170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।