कैराना के मोहल्ला आलखुर्द में मॉर्निंग रेड, आठ घरों में पकड़ी बिजली चोरी

विजिलेंस व विद्युत विभाग की संयुक्त छापेमारी से बिजली चोरों में मचा हड़कंप

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: विजिलेंस एवं विद्युत विभाग की टीम ने सुबह के समय कस्बे के मोहल्ला आलखुर्द में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 08 घरों में बिजली चोरी पकड़ी है। बिजली चोरी के आरोपियों के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस दौरान टीम ने बकाएदारों से ढाई लाख रुपए भी वसूल किये है। अत्यधिक लाइन लॉस के चलते उपखंड अधिकारी तृतीय अमित गुप्ता एवं विजिलेंस प्रभारी रोहिताश सिंह के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने कस्बे के मोहल्ला आलखुर्द में सुबह करीब पांच बजे छापामार अभियान चलाया।

इस दौरान करीब 120 घरों में चेकिंग की गई, जिनमें से आठ घरों में विद्युत मीटर से पहले कट करके बिजली चोरी होते हुए पकड़ी गई। टीम ने वीडियोग्राफी करते हुए विद्युत चोरी में इस्तेमाल किये जा रहे केबिल आदि जब्त कर लिये। बिजली चोरी के सभी आरोपियों के खिलाफ शामली में स्थित एंटी पावर थेफ्ट थाने में विद्युत अधिनियम की धारा-135 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। टीम ने छापेमारी के दौरान बकाएदारों से करीब 2.50 लाख रुपये की वसूली भी की है। विभाग की कार्यवाही से बिजली चोरों में हड़कंप मचा है। टीम में 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र देवीमन्दिर आर्यपुरी के प्रभारी अवर अभियंता अजय शर्मा, विजिलेंस जेई सुनील कुमार तथा उदित राठी, धीरज कुमार, कंवर अली, फारुख, इकबाल आदि विद्युतकर्मी शामिल रहे।

वहीं, अवर अभियंता अजय शर्मा ने बताया ने बताया कि टाउन-1 फीडर के हाई रेवेन्यू लॉस के चलते उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बिजली चोरों व बकाएदारों के खिलाफ विद्युत अभियान चलाया गया हैं। मॉर्निंग रेड के दौरान 08 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि बिजलीघर के इमामगेट व कोतवाली फीडर पर भी अत्यधिक लाइन लॉस चल रहा है। शीघ्र ही, इन जगहों पर भी अभियान चलाया जाएगा।

Kairana News
Kairana News: कैराना के मोहल्ला आलखुर्द में मॉर्निंग रेड, आठ घरों में पकड़ी बिजली चोरी

About The Author

Related Posts