शिक्षा और रोजगार
फर्जी NIA-CBI अफसर बनकर 15 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
इंदिरापुरम पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को मिली बड़ी सफलता, 1.92 लाख नकद, 3 मोबाइल और डायरी बरामद, 2 फरार
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविन्द्र सिंह)। Ghaziabad News: खुद को NIA और CBI का उच्च अधिकारी बताकर नोटिस सेटलमेंट के नाम पर 15 करोड़ रुपये की अवैध वसूली करने वाले शातिर गिरोह के 3 सदस्यों को ट्रांस हिंडन जोन की स्वाट/सर्विलांस और थाना इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 92 हजार रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। डीसीपी सिटी/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य और थाना प्रभारी अजय चौधरी की मौजूदगी में प्रेस वार्ता में इसका खुलासा किया।
ऐसे फंसाया जाल में
डीसीपी ने बताया कि 01 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम निवासी विकास मित्तल ने थाने में तहरीर दी थी कि अनिल प्रताप सिंह, अनिकेत उर्फ कबीर सिंह, सिद्धार्थ जैन, सलमान और अंकित द्विवेदी नाम के लोग खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर उनसे रंगदारी मांग रहे हैं और 50 लाख रुपये ले भी चुके हैं। जांच में पता चला कि विकास मित्तल की दिल्ली स्थित फर्म 'ए टू जेड' के नाम से NIA/CBI से संबंधित एक नोटिस आया था। फर्म के मैनेजर योगेश ने इस बारे में अपने परिचित सलमान निवासी दिल्ली से चर्चा की। सलमान ने कहा कि उसकी जान-पहचान सभी विभागों के बड़े अधिकारियों से है और वह सेटलमेंट करा देगा।
इसके बाद सलमान और सिद्धार्थ जैन के माध्यम से अनिल प्रताप सिंह ने योगेश और फिर फर्म मालिक विकास मित्तल से संपर्क किया। खुद को उच्च रैंक का अधिकारी बताकर धमकाया कि "नोटिस का निस्तारण नहीं कराया तो जेल जाना पड़ेगा, फर्म बर्बाद हो जाएगी। इसे सेटल कराने के लिए 15 करोड़ रुपये लगेंगे।" डर के कारण वादी से कई बार में अवैध वसूली की गई। पैसे लेने के लिए अनिल प्रताप सिंह ने अपने बेटे अनिकेत उर्फ कबीर और अंकित द्विवेदी को भेजा था।
तहरीर के आधार पर थाना इंदिरापुरम में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मैनुअल इनपुट, सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना पर 02 सितंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी -
1. अंकित द्विवेदी (36) पुत्र महेश चंद्र द्विवेदी, निवासी सेक्टर-डी, पैकेट-ए, फ्लैट नं. 1203, वसंतकुंज, नई दिल्ली
2. अनिल प्रताप सिंह (64) पुत्र रामराज सिंह, निवासी पंचशील हाइनेस फ्लैट नं. 1408, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर
3. सिद्धार्थ जैन (34) पुत्र अजीत कुमार जैन, निवासी म.नं. 10 जेपी ब्लॉक, पीतमपुरा, थाना मौर्य एन्क्लेव, दिल्ली
फरार आरोपी
1. अनिकेत उर्फ कबीर पुत्र अनिल प्रताप सिंह
2. सलमान निवासी हरी नगर घंटाघर, दिल्ली
इंदिरापुरम थाना प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।