शिक्षा और रोजगार
Jharkhand Crime News: झाड़-फूंक के दौरान खूनी वारदात, गांव में फैली सनसनी
पुजारी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार
पश्चिमी सिंहभूम (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक करने वाले पुजारी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार तड़के हुई इस घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पर लगाया गया है, जो घटना के बाद से फरार है। Jharkhand Crime News
जानकारी के अनुसार, पोंडे राम अंगरिया पिछले कुछ दिनों से असामान्य हरकतें कर रहा था। उसके व्यवहार को लेकर परिजन परेशान थे और उसे ठीक कराने के लिए झाड़-फूंक का सहारा लिया जा रहा था। इसी सिलसिले में मंगलवार रात पोंडे राम के घर पर पूजा-पाठ का आयोजन किया गया था। इसमें पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत गांव के कई लोग शामिल हुए थे। देर रात पूजा-पाठ समाप्त होने के बाद अधिकांश ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए।
वहीं पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया रात में वहीं रुक गए। दोनों उसी कमरे में सो गए, जहां पोंडे राम भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पोंडे राम ने अचानक धारदार चाकू से गहरी नींद में सो रहे पुजारी गोरा अंगरिया की गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान कमरे में मौजूद डाकुवा मुखी राम अंगरिया जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। Jharkhand Crime News
घटना के बाद डाकुवा मुखी ने तत्काल इसकी सूचना गांव के मुंडा गोमा अंगरिया को दी और गोइलकेरा थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार तथा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है। आरोपी पोंडे राम अंगरिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में झाड़-फूंक के दौरान हुई घटना सामने आई है, हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच और आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा। Jharkhand Crime News